देश

गुजरात में बारिश ने मचाई तबाही, पीएम मोदी और अमित शाह ने सीएम भूपेंद्र पटेल से की बात; हरसंभव मदद का दिया भरोसा

  • Edited by: मोनू झा
  • Updated Jul 23, 2026, 06:14 PM IST

Gujarat Floods: गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात कर हालात का जायजा लिया। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य को केंद्र की ओर से हर संभव राहत और मदद का भरोसा दिया है।

Image

गुजरात में भारी बारिश से हाहाकार

Photo :

ANI

Gujarat Floods: गुजरात के कई इलाकों, खासतौर पर दक्षिण गुजरात में हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में पैदा हुए बाढ़ जैसे हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (Bhupendra Patel) से फोन पर बात की और स्थिति की समीक्षा की।

प्रधानमंत्री ने इस मुश्किल समय में केंद्र सरकार की ओर से राहत और बचाव कार्यों के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री से बात कर हालात की जानकारी ली और हर जरूरी सहायता देने का भरोसा जताया।

दक्षिण गुजरात में नदियां उफान पर

मूसलाधार बारिश के चलते नवसारी जिले की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। यहां कावेरी, अंबिका, खरेरा और पूर्णा जैसी प्रमुख नदियां उफान पर हैं, जिससे पानी तटीय इलाकों के घरों और मंदिरों तक पहुंच गया है। जलभराव के कारण जिले की लगभग 218 अंदरूनी सड़कें यातायात के लिए बंद करनी पड़ी हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों को प्रभावित जिलों में तैनात कर दिया है। उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी और अन्य मंत्रियों को सूरत, वलसाड और नवसारी का प्रभार सौंपा गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। सूरत शहर में जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम और एनडीआरएफ की टीमें दिन-रात काम कर रही हैं। निचले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। राहत शिविरों में लोगों के लिए भोजन, दूध और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है। पांडेसरा क्षेत्र से बच्चों समेत 11 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

वलसाड में स्कूल और फैक्ट्रियां बंद

वलसाड जिले में सुरक्षा के लिहाज से गुरुवार को सभी स्कूलों और औद्योगिक फैक्ट्रियों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। पारडी तालुका के निचले गांवों से 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक कोई बहुत जरूरी काम न हो, वे अपने घरों से बाहर न निकलें और पुराने या जर्जर भवनों से दूर रहें। मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

monu jha

मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article