मुरैना में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन, बिना अनुमति निकली रैली से लगा जाम, एंबुलेंस फंसी

विज्ञापन

सार

Morena News : मुरैना में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिना अनुमति रैली निकाली गई। प्रदर्शन के दौरान जाम लगा, एंबुलेंस फंसी और प्रशासन ने कार्रवाई के संकेत दिए है।

Morena Youth Protest

युवा रैली (फोटो सोर्स- नवभारत)

विस्तार

Morena Youth Protest: दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन की गूंज मध्य प्रदेश के मुरैना में भी सुनाई दी। सैकड़ों युवा तिरंगा और डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीरें लेकर सड़कों पर उतर आए और शहर में बिना अनुमति रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई तथा प्रधानमंत्री के खिलाफ भी विवादित नारे लगाए गए। रैली के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।

प्रदर्शनकारी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पर एकत्र हुए थे। प्रशासन को रैली की आशंका थी, जिसके चलते पुलिस ने रेस्ट हाउस का प्रवेश द्वार बंद कर दिया था, लेकिन प्रदर्शनकारी बाहर निकलकर रैली के रूप में आगे बढ़ गए। रैली बैरियर चौराहा, कोर्ट रोड तिराहा, पुराने बस स्टैंड और एमएस रोड से होते हुए नेहरू पार्क पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए, जिससे कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया।

जाम में फंसी एंबुलेंस

एसपी बंगले के सामने प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, जिससे मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से रास्ता खाली करने की अपील की, लेकिन जब भीड़ नहीं हटी तो एंबुलेंस को वैकल्पिक मार्ग से अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान प्रदर्शन का कवरेज करने पहुंचे कुछ पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप भी सामने आए।

सम्बंधित ख़बरें

बिना अनुमति निकाली रैली

मुरैना एसडीएम रामनिवास सिकरवार ने बताया कि रैली के लिए गुरुवार को आवेदन दिया गया था, लेकिन आयोजकों की ओर से कोई जिम्मेदार व्यक्ति सामने नहीं आया। इसी कारण प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद बिना अनुमति रैली निकाली गई। प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई है और फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : बुरहानपुर में आदिवासी समाज की हुंकार: प्रशासन को दिया अल्टीमेटम, जमीन विवाद नहीं सुलझे तो होगा आंदोलन

कार्रवाई की तैयारी में प्रशासन

फिलहाल जिला प्रशासन पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर रहा है। बिना अनुमति रैली निकालने, यातायात बाधित करने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Follow Navbharatlive whatsapp