Gardening Benefits for Brain Health: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, चिंता और भूलने की समस्या आम होती जा रही है। ऐसे में ज्यादातर लोग योग, मेडिटेशन या वॉक करते हैं ताकि उनका मानसिक स्वास्थ्य सही बना रहे। लेकिन क्या आप जानती हैं कि घर की बालकनी, छत या आंगन में लगे कुछ पौधे भी आपके दिमाग को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं? जी हां, बागवानी केवल घर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए ही नहीं है, बल्कि यह आपके मस्तिष्क को एक्टिव रखने का एक आसान तरीका भी हो सकता है। आइए जानते हैं कैसे। 

क्यों दिमाग के लिए फायदेमंद है बागवानी?

हमारा दिमाग तब सबसे बेहतर काम करता है, जब उसे हमेशा कुछ नया सीखने और सोचने का मौका मिलता है। बागवानी ऐसा ही एक ऐसा शौक है, जिसमें हर दिन कुछ नया देखने, समझने और करने को मिलता है।

किस पौधे को कितनी धूप चाहिए, कब पानी देना है, कौन-सी पत्तियां काटनी हैं या किस मौसम में कौन-सा पौधा बेहतर बढ़ेगा, इन सभी बातों को याद रखना और सही समय पर निर्णय लेना दिमाग को लगातार एक्टिव रखता है। यही छोटी-छोटी मानसिक एक्टिविटीज न्यूरॉन्स के बीच बेहतर बैलेंस बनाने में मदद करती हैं।

तनाव कम होगा, तो याददाश्त भी रहेगी बेहतर

लगातार तनाव में रहने पर शरीर में कॉर्टिसोल नामक हार्मोन का लेवल बढ़ जाता है। लंबे समय तक इसकी अधिक मात्रा मस्तिष्क के उस हिस्से को प्रभावित कर सकती है, जो सीखने और याद रखने का काम करता है।

balcony-garden-mental-health-for-indian-homes
तुलसी, एलोवेरा और मनी प्लांट से भरा यह हरा-भरा बालकनी गार्डन घर में सकारात्मकता और मानसिक शांति लाता है।

बागवानी करते समय पौधों में पानी देना, मिट्टी सही करना, सूखी पत्तियां हटाना या नए पौधे लगाना जैसे काम मन को शांत करते हैं। इससे दिमाग स्क्रीन, मोबाइल और लगातार चलने वाली भागदौड़ से कुछ समय के लिए दूर चला जाता है। 

बढ़ती उम्र में क्यों और जरूरी हो जाती है यह आदत?

उम्र बढ़ने के साथ याददाश्त कमजोर होना एक सामान्य बात मानी जाती है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि इसे रोका नहीं जा सकता। विशेषज्ञों का मानना है कि बागवानी दिमाग को एक साथ कई तरह के काम करने के लिए प्रेरित करती है। इसमें योजना बनाना, निर्णय लेना, समस्याओं का समाधान करना, हाथों और आंखों का तालमेल बनाए रखना तथा मौसम के अनुसार बदलाव करना शामिल होता है।

यही वजह है कि कई न्यूरोलॉजिस्ट बुजुर्गों को केवल मोबाइल पर ब्रेन गेम खेलने की बजाय किसी हॉबी, खासकर बागवानी, से जुड़े रहने की सलाह देते हैं।

बड़ी जगह नहीं, छोटे गमले भी काफी हैं

अगर आपके पास बड़ा गार्डन नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं। आप अपनी बालकनी, खिड़की या रसोई में रखे छोटे गमलों से भी शुरुआत कर सकती हैं।

small-balcony-gardening-brain-health-potted-plants
छोटी-सी बालकनी में रखे तुलसी, पुदीना और अन्य गमलों की देखभाल करती महिला। सीमित जगह में की गई बागवानी भी मानसिक सुकून और दिमाग को सक्रिय रखने में मददगार हो सकती है।

तुलसी, पुदीना, धनिया, एलोवेरा या मनी प्लांट जैसे पौधे कम जगह में आसानी से लगाए जा सकते हैं। इनकी लगातार देखभाल भी आपके दिमाग को एक्टिव रखने में मदद करती है।

बागवानी के साथ अपनाएं ये अच्छी आदतें

सिर्फ पौधे लगाने से ही दिमाग पूरी तरह स्वस्थ नहीं रहेगा। इसके साथ कुछ अन्य आदतें भी जरूरी हैं। जैसे - रोजाना 20–30 मिनट शारीरिक एक्टिविटी करें, पर्याप्त और अच्छी नींद लें। हरी सब्जियां, फल और संतुलित डाइट खाएं। परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताएं। नई चीजें सीखने की आदत बनाए रखें।

क्या बागवानी डिमेंशिया का इलाज है?

बागवानी डिमेंशिया या याददाश्त से जुड़ी किसी बीमारी का इलाज नहीं है और न ही यह डॉक्टर की सलाह या दवाओं का विकल्प हो सकती है। लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि यह एक हेल्दी लाइफस्टाइल का महत्वपूर्ण हिस्सा जरूर बन सकती है। अगर आप पहली बार बागवानी शुरू कर रही हैं, तो ऐसे पौधे चुनें जिनकी देखभाल आसान हो।

Read More: स्वीडिश डेथ क्लीनिंग क्या है? घर का गैर-ज़रूरी सामान हटाने का यह तरीका बदल देगा जिंदगी

FAQ

Q.

मानसिक स्वास्थ्य के लिए बागवानी क्यों जरूरी है?

A.

यह तनाव कम करने, मस्तिष्क को एक्टिव रखने और मानसिक शांति पाने का एक बेहतरीन प्राकृतिक तरीका है।

Q.

क्या बागवानी करने से तनाव कम होता है?

A.

हां, पौधों की देखभाल करने से शरीर में कॉर्टिसोल (तनाव हार्मोन) का स्तर कम होता है और मन शांत होता है।

Q.

कम जगह में कौन से पौधे आसानी से उगाए जा सकते हैं?

A.

आप अपनी बालकनी या किचन गार्डन में तुलसी, पुदीना, धनिया, एलोवेरा और मनी प्लांट जैसे पौधे लगा सकती हैं।

Q.

क्या बागवानी डिमेंशिया का इलाज है?

A.

यह डिमेंशिया का इलाज या डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है, लेकिन यह एक स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा जरूर है।

Q.

दिमाग को तेज रखने के लिए बागवानी कैसे मदद करती है?

A.

पौधों की देखभाल, पानी देने का समय याद रखने और निर्णय लेने जैसी प्रक्रियाएं न्यूरॉन्स को एक्टिव रखती हैं।