बारिश के बीच रंग-बिरंगे रेनकोट पहन हाथ पकड़कर स्कूल जा रहे थे तीन नन्हे बच्चे, वीडियो वायरल
-
Written By:
हितेश तिवारी
Updated On: Jul 24, 2026 | 06:53 PM IST
विज्ञापन
सार
School Children Viral Video : नेपाल के पहाड़ी इलाके में बारिश के बीच हाथ पकड़कर स्कूल जाते तीन छोटे बच्चों का वीडियो वायरल हो रहा है। रंग-बिरंगे रेनकोट पहने बच्चों की मासूमियत ने लोगों का दिल जीता।

वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
विस्तार
School Kids Heartwarming Video : नेपाल के एक पहाड़ी इलाके से सामने आया एक छोटा-सा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। इस वीडियो में तीन छोटे-छोटे स्कूली बच्चे बारिश के बीच पहाड़ी सड़क पर हाथ पकड़कर स्कूल जाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर अनिल बुड ने रिकॉर्ड किया, जिन्होंने सफर के दौरान इन बच्चों को देखा। तीनों बच्चे गुलाबी, पीले और हरे रंग के रेनकोट पहने हुए थे और बारिश के बीच बिना घबराए धीरे-धीरे चढ़ाई चढ़ते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे थे। उनका आपसी साथ और मासूम अंदाज लोगों को बेहद पसंद आ रहा है।
बारिश में रंग-बिरंगे रेनकोट पहन स्कूल जाते बच्चे
वीडियो में देखा जा सकता है कि रिकॉर्डिंग कर रहे शख्स ने बच्चों को आवाज भी लगाई, लेकिन तीनों बिना रुके अपने रास्ते पर चलते रहे। बच्चों ने किसी अनजान व्यक्ति से बातचीत करने के बजाय अपनी यात्रा जारी रखी, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स ने समझदारी भरा व्यवहार बताया।
वीडियो में सबसे छोटे बच्चे का एक हाथ जेब में रखकर आत्मविश्वास से चलना भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। रेनकोट की वजह से उनकी स्कूल यूनिफॉर्म पूरी तरह ढकी हुई थी, लेकिन बारिश के बीच उनका उत्साह और अनुशासन साफ दिखाई दे रहा था। यही छोटी-छोटी बातें इस वीडियो को खास बना रही हैं।
ये खबर भी पढ़ें : ‘एक दूल्हा, तीन दुल्हन’! यूपी की तीन बहनों की शादी का VIDEO वायरल, सच जानकर लोग रह गए हैरान
वीडियो ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया
वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कई यूजर्स ने लिखा कि बच्चों की मासूम दोस्ती और एक-दूसरे का हाथ थामकर चलना दिल को छू लेने वाला दृश्य है। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि बच्चों का किसी अजनबी के बुलाने पर न रुकना भी अच्छी परवरिश और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संकेत है।
कई यूजर्स ने सबसे छोटे बच्चे की स्टाइलिश चाल और उसके आत्मविश्वास की भी तारीफ की। सोशल मीडिया पर यह वीडियो लोगों को यह याद दिला रहा है कि छोटी-छोटी और सादगी भरी बातें भी कभी-कभी सबसे ज्यादा खुशी दे जाती हैं। यही वजह है कि यह दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इंटरनेट पर लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर रहा है।
