Niwari Murder Case: मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में चार दिन से लापता युवक की तलाश उस वक्त खत्म हुई, जब उसका शव गांव के कुएं से बरामद हुआ. पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल को सुराग बनाया और जांच की परतें खुलती चली गई. पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया. एक महिला समेत चार लोगों को हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए युवक के हत्याकांड का खुलासा किया है.

दरअसल यह पूरा मामला निवाड़ी जिले के मडोरी गांव का है, जहां 22 जुलाई 2026 को मृतक के पिता ने कोतवाली थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करते हुए बताया की उनका 32 वर्षीय लड़का महेंद्र कुशवाहा सोमवार- मंगलवार की दरमियानी रात घर से निकला था, लेकिन वह अब तक घर वापस नहीं लौटा, और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है. उन्होंने कहा कि मुझे शक है की कोई अज्ञात व्यक्ति मेरे लड़के का अपहरण करके ले गया है.

पुलिस कर रही थी जांच

परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की. पुलिस जांच के दौरान मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल से पता चला की मृतक महेंद्र की आखिरी बातचीत उसके ही गांव के निवासी पुष्पेंद्र कुशवाहा से हुई थी. पुलिस ने जब पुष्पेंद्र से पूछताछ की तो उसने पहले मृतक महेंद्र से किसी भी तरह की बातचीत से इनकार कर दिया, लेकिन उसके हाथ पर कटने के निशान और पत्नी सुखदेवी की उंगली पर दांत से काटने के निशान ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया.

ऐसे हुआ खुलासा

पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो पूरा राज खुल गया. आरोपी पुष्पेंद्र, उसकी पत्नी सुखदेवी और उसके दोनों भाई बृजेश व सतीश ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली. पुलिस के मुताबिक, मृतक महेंद्र आरोपी पुष्पेंद्र कुशवाहा की पत्नी सुखदेवी को फोन कर मिलने का दबाव बना रहा था. घटना वाली रात भी उसने उसे खेत पर बुलाया और सुखदेवी ने इसकी जानकारी अपने पति पुष्पेंद्र को दी. इसके बाद पुष्पेंद्र अपने भाइयों के साथ खेत पहुंचा, जहां महेंद्र और आरोपियों के बीच विवाद हुआ. इसी दौरान आरोपियों ने महेंद्र की पीट पीटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए बेहद ही खौफनाक साजिश रची. आरोपियों ने मृतक महेंद्र की कमर में करीब 40 किलो का पत्थर बांधकर शव को कुएं में फेंक दिया, ताकि मामला हमेशा के लिए दब जाए.

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शुक्रवार को मृतक के शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और मोबाइल कॉल डिटेल ने पूरी साजिश का पर्दाफाश करते हुए, एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. इसके बाद यहां से सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.

रिपोर्ट- रुपेंद्र राय

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button