
बीजेपी नेता की युवक के साथ हुई भिड़ंत
काम कीजिए तो वोट मिलेगा, नहीं तो नहीं मिलेगा…2019 से अभी तक गली नहीं बनी है…चेहरा चमकाने के लिए सब खड़े हो जाते हैं… ये कहना है एक युवा का, जिसने बांकीपुर उपचुनाव के लिए वोट मांगने आए एक नेता के सामने न सिर्फ अपना विरोध दर्ज कराया बल्कि उन्हें पुराना वादा भी याद दिला दिया. इसके बाद जो हुआ वो आपको वीडियो देखकर ही पता चल जाएगा.
दरअसल बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर एनडीए ने अपने दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार दिया है. जीत दर्ज करने के लिए पार्टी जमकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है. चुनाव प्रचार के दौरान कुछ ऐसा हुआ जो अब सुर्खियों में आ गया.
युवक और नेता की हुई भिड़ंत
वोट मांगने आए बीजेपी नेता के ऊपर एक युवक ने जमकर भड़ास निकाली. उसने साफ कहा कि काम करने पर ही वोट मिलेगा नहीं तो नहीं मिलेगा. उसने कहा 2019 से अभी तक उसके इलाके में सड़क नहीं बनी है. युवक की बातों को सुनकर बीजेपी नेता भड़क जाते हैं. फिर क्या था युवक के साथ उनकी जमकर तू-तू-मैं-मैं होती है. गुस्से से नेता इतना भड़क जाते हैं कि युवक को धक्का दे देते हैं. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
तेजस्वी यादव ने शेयर किया वीडियो
वहीं आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने बीजेपी के मंत्रियों को खदेड़ना शुरू कर दिया है.
जनता द्वारा बीजेपी मंत्रियों को खदेड़ना शुरू।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र बांकीपुर में चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं द्वारा गली बनाने का वादा याद दिलाने पर बीजेपी नेता और मंत्री गाली-गलौज कर रहे है। 35 साल से यहाँ बीजेपी विधायक, सांसद और मंत्री है लेकिन गली pic.twitter.com/6xBebDWxCN
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) July 26, 2026
‘वोटरों ने गली बनवाने के वादे की याद दिलाई तो…’
उन्होंने आगे कहा ‘बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र, बांकीपुर में चुनाव प्रचार के दौरान, जब वोटरों ने एक गली बनवाने के वादे की याद दिलाई, तो बीजेपी नेताओं और मंत्रियों ने उन्हें गालियां दीं. 35 सालों से यहां बीजेपी के विधायक, सांसद और मंत्री रहे हैं, फिर भी यहां गली और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है’.
बांकीपुर उपचुनाव
बांकीपुर उपचुनाव की बात करें तो एनडीए के सभी बड़े नेता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी कैंपेन कर रहे हैं. यह सीट लंबे समय से बीजेपी का गढ़ मानी जाती है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार यहां से विधायक चुने जाते रहे. उनके बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई. ऐसे में बीजेपी के लिए यह उपचुनाव सिर्फ चुनाव नहीं बल्कि पार्टी की प्रतिष्ठा का सवाल भी बन गया है. बीजेपी ने यहां नीरज सिन्हा को प्रत्याशी बनाया है. वहीं तरफ जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद मैदान में उतरे हैं. जिसकी वजह से ये चुनाव काफी दिलचस्प बन गया है और पूरे बिहार की नजर इस चुनाव पर है.

जूही उरूषा खान
जूही उरूषा खान पिछले 12 साल से पत्रकारिता से जुड़ी हुई हैं. भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से फिल्म जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इसके बाद दिल्ली आकर BAG में एंटरटेनमेंट बीट पर इंटर्नशिप की. बाद में CNEB न्यूज चैनल में एंटरटेनमेंट बीट में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया, साथ ही प्रोग्रामिंग को भी देखा.<p></p>CNEB के बाद VOICE OF INDIA में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर काम करना शुरू किया. यहां से फिर जनसंदेश न्यूज चैनल के साथ जुड़ीं और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके बाद 4 REAL NEWS चैनल में करीब चार साल न्यूज के साथ ही प्रोग्रामिंग और धार्मिक शोज पर काम किया.<p></p>यहां से राज्यसभा टीवी का रुख किया और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके साथ ही एंकरिंग करना भी शुरू की. इसके बाद सूर्या समाचार में प्रोग्रामिंग में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर प्रोड्यूसर काम किया.<p></p>जी बिहार झारखंड में भी काम करने का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष से जुड़ी हुई हैं.
Read More