
प्रेम संबंध से नाराज मां ने बेटी की ली जान.
Ulhasnagar News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर से ऑनर किलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि एक मां ने अपनी ही बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, बेटी का दूसरी जाति के युवक से प्रेम संबंध था, जिसका मां लगातार विरोध कर रही थी. इसी विवाद के चलते यह वारदात हुई. फिलहाल पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है.
दूसरी जाति में प्रेम संबंध का करती थी विरोध
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान आशा गरुड के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में पता चला है कि उसकी बेटी का दूसरी जाति के एक युवक से प्रेम संबंध था. मां इस रिश्ते से खुश नहीं थी. इसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था. पुलिस के मुताबिक, रविवार रात घर में मां और बेटी मौजूद थीं. इसी दौरान दोनों के बीच एक बार फिर प्रेम संबंध को लेकर कहासुनी हो गई. आरोप है कि गुस्से में आकर मां ने चुनरी से बेटी का गला घोंट दिया. दम घुटने से बेटी की मौके पर ही मौत हो गई.
ये भी पढे़ं- मुंबई में वन विभाग का बुलडोजर एक्शन, 40 साल पुरानी पहाड़ी पीर बाबा दरगाह गिराई गई; 5 एकड़ में फैली थी
पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद घर में हड़कंप मच गया. मृतका के पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही उल्हासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
उल्हासनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष अव्हाड ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं. प्रारंभिक जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सकेगी. फिलहाल आरोपी मां पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More