लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव आए दिन अपने बयान या फिर हरकतों से सुर्खियों में बने रहते हैं. यही नहीं रूप और अवतार बदलने में भी तेज प्रताप यादव कुछ ज्यादा ही चर्चाएं बंटोरते हैं. कभी कृष्ण बनकर बांसुरी बजाना तो कभी शिव बनकर महादेव भक्तों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराना. तेज प्रताप यादव के लिए ये कोई नई बात नहीं है. एक बार फिर तेज प्रताप अपने नए अवतार को लेकर सुर्खियों में हैं.
राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अब एक नए अवतार में नजर आने वाले हैं. राजनीतिक मंचों पर अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले तेज प्रताप को अब आप मनोरंजन की दुनिया में कदम रखते देखेंगे.
कहां बवाल मचा रहे तेज प्रताप
दरअसल जल्द ही तेज प्रताप यादव रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में दिखाई देंगे, जहां उनका बिल्कुल अलग और आकर्षक अंदाज दर्शकों को देखने को मिलेगा. इस शो के जरिए तेज प्रताप यादव पहली बार बड़े स्तर पर भोजपुरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के सितारों के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे.
प्रोमो ने बढ़ाई शो को लेकर उत्सुकता
शो के लॉन्च से पहले जारी किए गए प्रोमो ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी है. वीडियो में तेज प्रताप यादव इंडो-वेस्टर्न सूट पहनकर घोड़े पर सवार होकर दमदार एंट्री करते नजर आते हैं. उनका यह स्टाइल पहले से बिल्कुल अलग दिखाई देता है.
प्रोमो में वह कहते हैं कि "भोजपुरी बवाल पूरे देश में छाया हुआ है, अब आप भी बवाल स्टेप्स करके दिखाइए." इसके बाद वह गले में गमछा डालकर डांस करते दिखाई देते हैं. उनका यह अंदाज दर्शकों के बीच तेजी से वायरल हो रहा है.
2 अगस्त से शुरू होगा 'भोजपुरी बवाल'
रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का प्रसारण 2 अगस्त से शुरू होगा. दर्शक इसे टीवी और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे. शो का उद्देश्य भोजपुरी सिनेमा से जुड़े चर्चित कलाकारों की निजी और पेशेवर जिंदगी के अनसुने पहलुओं को सामने लाना है.
निर्माताओं का दावा है कि शो में सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि सितारों के संघर्ष, सफलता और जीवन से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी देखने को मिलेंगे.
भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारे होंगे साथ
इस शो में भोजपुरी फिल्म जगत के कई लोकप्रिय कलाकार एक साथ नजर आएंगे. इनमें पावर स्टार पवन सिंह, अभिनेत्री आम्रपाली दुबे, अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' और काजल राघवानी जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
शो के दौरान सभी कलाकार अपनी निजी जिंदगी, करियर और इंडस्ट्री के अनुभवों पर खुलकर बातचीत करेंगे. कई टास्क और चर्चाओं के दौरान कलाकारों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक और प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिल सकती है, जिससे दर्शकों का मनोरंजन और बढ़ेगा.
सोशल मीडिया पर छाया प्रोमो
प्रोमो वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेज प्रताप यादव की एंट्री चर्चा का विषय बन गई है. कई यूजर्स उनके नए लुक और आत्मविश्वास की तारीफ कर रहे हैं। वीडियो पर बड़ी संख्या में लाइक और कमेंट्स देखने को मिल रहे हैं.
कई प्रशंसकों का कहना है कि उन्होंने तेज प्रताप यादव को पहले कभी इस अंदाज में नहीं देखा था. वहीं कुछ लोग उनके डांस और स्टाइल को शो का सबसे बड़ा आकर्षण बता रहे हैं.
राजनीति से अलग नई पहचान बनाने की कोशिश
तेज प्रताप यादव का यह कदम बताता है कि अब कई राजनीतिक चेहरे भी मनोरंजन की दुनिया में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं. रियलिटी शो के जरिए वे खुद का एक अलग और सहज व्यक्तित्व दर्शकों के सामने पेश करना चाहते हैं.
मनोरंजन विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के शो नेताओं को जनता के बीच एक अलग छवि बनाने का मौका देते हैं, जहां वे राजनीतिक भाषणों से हटकर अपनी व्यक्तिगत शैली और व्यक्तित्व को प्रदर्शित कर सकते हैं.
दर्शकों को क्या मिलेगा खास?
'भोजपुरी बवाल' केवल एक रियलिटी शो नहीं, बल्कि भोजपुरी मनोरंजन जगत के बड़े सितारों की जिंदगी की अनकही कहानियों, मजेदार टास्क, दोस्ती, तकरार और मनोरंजन का अनोखा मिश्रण बनने जा रहा है. तेज प्रताप यादव की मौजूदगी ने शो को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि राजनीति के मंच पर सक्रिय रहने वाले तेज प्रताप, मनोरंजन की दुनिया में दर्शकों का दिल जीतने में कितने सफल साबित होते हैं.
यह भी पढ़ें - पटना में हुए छात्र आंदोलन में पुलिस का बड़ा एक्शन, 258 लोगों को भेजा जेल; 24 FIR दर्ज