
भक्त ने भेट किया सोने के उपहार
Guru Purnima 2026:गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पहले दिन श्री साईं बाबा के दरबार में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला. देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने साईं बाबा के चरणों में स्वर्ण आभूषण अर्पित कर अपनी अटूट आस्था और समर्पण का परिचय दिया. मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को मध्य प्रदेश और गुजरात से आए दो श्रद्धालुओं ने बाबा को स्वर्ण मुकुट और स्वर्ण ‘ॐ’ भेंट किए, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹9.63 लाख है.
श्री साईं बाबा संस्थान के अनुसार, मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी साईं भक्त एके शर्मा ने बाबा को 48 ग्राम वजन का आकर्षक नक्काशीदार स्वर्ण मुकुट अर्पित किया. इस स्वर्ण मुकुट की कीमत ₹6,28,752 बताई गई है. मुकुट को विशेष रूप से कलात्मक ढंग से तैयार किया गया है, जिसे श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर बाबा के चरणों में समर्पित किया.
भक्त ने भेट किए स्वर्ण के ‘ॐ’
वहीं गुजरात के वडोदरा निवासी श्रद्धालु विजय बालकृष्ण नाईक ने श्री साईं बाबा को 25.530 ग्राम वजन के दो आकर्षक स्वर्ण ‘ॐ’ भेंट किए. इन स्वर्ण ‘ॐ’ की कुल कीमत ₹3,34,417 है. संस्थान का कहना है कि श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित ये स्वर्ण भेंट केवल बहुमूल्य धातु नहीं, बल्कि साईं बाबा के प्रति उनकी निस्वार्थ भक्ति, विश्वास और समर्पण की भावना का प्रतीक हैं.
हर वर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शिर्डी पहुंचकर साईं बाबा के दर्शन करते हैं. इस पर्व को गुरु के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और श्रद्धा व्यक्त करने का विशेष अवसर माना जाता है. श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुसार नकद, स्वर्ण, रजत और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं बाबा के चरणों में अर्पित करते हैं.
मंदिर में सुबह से ही लगी भारी भीड़
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पहले दिन मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. साईं बाबा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. संस्थान ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की हैं. इस अवसर पर श्री साईं बाबा संस्थान के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी भीमराज दराडे ने दोनों दानदाताओं का सम्मान किया और उनके श्रद्धाभाव के प्रति आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का यह समर्पण साईं बाबा के प्रति अटूट विश्वास और भक्ति का जीवंत उदाहरण है, जो हर वर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देखने को मिलता है.

विनोद जगदाले
विनोद जगदाले को 22 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव है. वो मुंबई और महाराष्ट्र की राजनीति की गहरी समझ रखते हैं. ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ 24 में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई बड़े खुलासे किए और एक्सक्लूसिव खबरें भी सामने लेकर आए. उनकी पहचान निष्पक्ष, बेबाक और जमीनी पत्रकार के तौर पर की जाती है. विनोद जगदाले 10 से ज्यादा सम्मान से सम्मानित और जनहित की आवाज को मजबूती से उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं.
Read More