
मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पर कई जगह भूस्खलन.
Mussoorie Landslide: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब पहाड़ी इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है. सोमवार देर रात मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर भारी भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई. सबसे ज्यादा नुकसान मैगी पॉइंट के पास हुआ, जहां पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने से एक रेस्टोरेंट का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रशासन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं. जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है. हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं.
ये भी पढ़ें- उत्तराखंड: बारिश-भूस्खलन दो दिन के लिए रोकी गई चारधाम यात्रा, इन 5 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
मैगी पॉइंट के पास हुआ बड़ा नुकसान
बताया जा रहा कि देर रात तेज बारिश के दौरान अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया. भारी मात्रा में मलबा सीधे मैगी पॉइंट स्थित रेस्टोरेंट पर गिरा, जिससे दुकान को काफी नुकसान पहुंचा. गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई बड़ा जनहानि का मामला सामने नहीं आया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूस्खलन इतना तेज था कि कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका मलबे से भर गया. आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई.
रेस्टोरेंट संचालक ने लगाए लापरवाही के आरोप
मैगी पॉइंट के रेस्टोरेंट संचालक ऋषभ पंवार ने बताया कि सोमवार देर रात तेज बारिश के बीच अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी. जब वह बाहर आए तो देखा कि पहाड़ी का बड़ा हिस्सा उनकी दुकान के ऊपर गिर चुका था और लगातार मलबा नीचे आ रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थान पर पहले भी कई बार भूस्खलन हो चुका है, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा के लिए कोई स्थायी इंतजाम नहीं किए. उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा दीवार (पुश्ता) बनाई जाती और पहाड़ी को मजबूत किया जाता तो इस हादसे से बचा जा सकता था.
बादल फटने जैसी आशंका
पास ही स्थित पहाड़ी टैरेस के मालिक दीपक रावत ने भी बताया कि रात में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी थी. उनका मानना है कि अत्यधिक बारिश के कारण इलाके में बादल फटने जैसी स्थिति बनी हो सकती है. हालांकि प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही भूस्खलन के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
मुख्य मार्ग बंद, यात्रियों को भारी परेशानी
भूस्खलन के कारण मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया. सड़क पर भारी मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से वाहनों की आवाजाही रुक गई. दोनों ओर लंबा जाम लग गया और कई पर्यटक तथा स्थानीय लोग घंटों तक फंसे रहे. इससे पहले किमाड़ी मार्ग भी बारिश के कारण बंद हो चुका है. अब मुख्य मार्ग बंद होने से मसूरी आने-जाने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
राहत कार्य जारी, लोगों से यात्रा टालने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीमें मौके पर पहुंच गईं. जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण काम प्रभावित हो रहा है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें. यदि यात्रा जरूरी हो तो घर से निकलने से पहले मार्ग और मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें.
बारिश ने बढ़ाई चिंता
लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तराखंड के कई पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं. ऐसे में प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए है. विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार वर्षा के दौरान पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.
फिलहाल मसूरी-देहरादून मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं. प्रशासन का कहना है कि मौसम अनुकूल होते ही सड़क पूरी तरह साफ कर यातायात सामान्य करने की कोशिश की जाएगी. वहीं स्थानीय लोगों ने संवेदनशील स्थानों पर स्थायी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

शुभम गैरोला
शुभम गैरोला उत्तराखंड के देहरादून जिले में स्थित मसूरी (पर्यटक नगरी) के रहने वाले हैं. वे पिछले 9 वर्षों से इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया में सक्रिय पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वर्तमान में वे मसूरी से TV9 भारतवर्ष के संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता, तथ्यपरकता और संवेदनशीलता के साथ प्रमुखता से उठाने का निरंतर प्रयास किया है. उन्होंने HNN 24×7, नेशनल वॉयस, जनतंत्र, खबर फास्ट, लाइव टुडे, APN News, लोक सत्य अखबार और पायनियर अखबार सहित विभिन्न समाचार संस्थानों के साथ कार्य करने का अनुभव प्राप्त किया है. मसूरी, कैंपटी फॉल, धनोल्टी और आसपास के क्षेत्रों में उन्होंने राजनीतिक, प्रशासनिक, सामाजिक, पर्यावरण, वन्यजीव, पर्यटन, शिक्षा और अपराध जैसे विविध विषयों पर अनेक ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव कवरेज और विशेष समाचार रिपोर्ट प्रस्तुत की हैं.
Read More