
जगदलपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के तहत आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने में पूरी ताकत झोंक दी है। सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है।
छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को झटका! नवंबर से जनवरी तक 6 ट्रेनों के फेरे रद्द, दो का बदलेगा रूट
मां दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगी। सुबह 11 बजे वे जगदलपुर स्थित प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी और माता का आशीर्वाद लेंगी।
इसके बाद दोपहर 12:45 बजे सिरहासार भवन में आयोजित विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार को संबोधित करेंगी। वहीं, लालबाग मैदान में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शामिल होकर आमसभा को संबोधित करेंगी।
कार्यक्रम स्थल का वन मंत्री ने किया निरीक्षण
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जगदलपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित दीर्घा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधाओं की समीक्षा की। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की जानकारी दी गई है। इसके अलावा आईजी और डीआईजी रैंक के अधिकारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट और जगदलपुर के मां दंतेश्वरी हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। लालबाग मैदान में भी पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जरूरत के अनुसार यातायात में बदलाव किया जा सकता है।
Driving Licence New Rules: अब ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी कई सेवाएं होंगी मुफ्त? सरकार ने नए नियमों का ड्राफ्ट किया जारी, जानें क्या बदलेगा
जानिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम
- सुबह 11:00 बजे: जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना।
- दोपहर 12:45 बजे: सिरहासार भवन में मुरिया दरबार को संबोधित करेंगी।
- दोपहर 1:40 बजे: बस्तर दशहरा से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगी।
- इसके बाद: राष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के इस दौरे को बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं और जनजातीय समाज से संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन का पूरा ध्यान कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर है।
News Desk
सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।