Price Hike: मारुति सुजुकी अगले महीने अगस्त से कई मॉडलों की कीमतों में 30 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने प्रोडक्शन कॉस्ट बढ़ने और महंगाई के दबाव के चलते यह फैसला लिया है।

 Maruti Suzuki Price Hike

अगस्त से महंगी होंगी कई कारें

  • Published: 22 Jul 2026, 06:23 PM IST
  • Last Updated: 22 Jul 2026, 06:23 PM IST

Price Hike: अगर आप मारुति सुजुकी की नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके पास ज्यादा समय नहीं है। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने घोषणा की है कि अगस्त 2026 से उसके कई मॉडलों की कीमतों में 30 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी की जाएगी। ऐसे में जो ग्राहक नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, उनके लिए जुलाई में बुकिंग करना फायदे का सौदा साबित हो सकता है।

कंपनी के अनुसार, बढ़ती उत्पादन लागत, महंगाई और कच्चे माल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के चलते यह फैसला लिया गया है। हालांकि, कंपनी का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी का असर ग्राहकों पर कम से कम पड़े, इसके लिए हर संभव कोशिश की गई है।

कब से बढ़ेंगे दाम और कितना होगा इजाफा?
मारुति सुजुकी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया है कि 1 अगस्त 2026 से नई कीमतें लागू हो जाएंगी। अलग-अलग मॉडल के हिसाब से कीमतों में बदलाव होगा और अधिकतम 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी। कंपनी ने अभी मॉडल-वार नई कीमतों का खुलासा नहीं किया है।

मारुति सुजुकी के पोर्टफोलियो में S-Presso जैसी एंट्री-लेवल हैचबैक से लेकर Invicto जैसी प्रीमियम MPV तक कई मॉडल शामिल हैं। इनकी मौजूदा एक्स-शोरूम कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये से 28.70 लाख रुपये के बीच है।

कीमत बढ़ाने की वजह क्या है?
कंपनी का कहना है कि पिछले कुछ समय से इनपुट कॉस्ट, कच्चे माल की कीमतों और महंगाई में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लागत कम करने के लिए कई उपाय अपनाने के बावजूद अब कंपनी के लिए पूरी लागत खुद वहन करना संभव नहीं रह गया है। इसलिए बढ़े हुए खर्च का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक सप्लाई चेन और ऊर्जा बाजार प्रभावित हुए हैं। इससे ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में इस्तेमाल होने वाले कई कच्चे माल की कीमतें बढ़ी हैं, जिसका असर वाहन निर्माण लागत पर भी पड़ा है।

क्या दूसरी कंपनियां भी बढ़ा रही हैं कीमतें?
वाहनों की कीमत बढ़ाने का फैसला केवल मारुति सुजुकी तक सीमित नहीं है। ऑटो इंडस्ट्री की कई अन्य कंपनियां भी हाल के महीनों में अपने वाहनों के दाम बढ़ा चुकी हैं।

रॉयटर्स के अनुसार, मारुति ने जून 2026 में भी कुछ मॉडलों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। वहीं Tata Motors Passenger Vehicles इस साल दो बार कीमतें बढ़ा चुकी है, जबकि Mahindra & Mahindra और Hyundai Motor India भी अपने वाहनों की कीमतों में एक-एक बार इजाफा कर चुकी हैं।

अगर आप मारुति की नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अगस्त से पहले बुकिंग करने पर बढ़ी हुई कीमतों से बचा जा सकता है।

(मंजू कुमारी)