महेंद्रगढ़ जिले में सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन अब यातायात नियमों की पालना को लेकर सख्ती करेगा। डीसी अनुपमा अंजली ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपों पर बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) वाले वाहनों को पेट्रोल-डी

.

लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक में डीसी ने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी के सड़क हादसों को कम करने के संकल्प को पूरा करने के लिए यातायात नियमों का पालन कराना जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।

डीसी ने पुलिस और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को पेट्रोल पंपों पर नियमों की पालना की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। वहीं, परिवहन विभाग को प्रदूषण जांच केंद्रों का भी समय-समय पर निरीक्षण करने को कहा गया। प्रशासन का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करना और जिले में सड़क हादसों की संख्या कम करना है।

नारनौल में बैठक लेती हुई डीसी अनुपमा अंजली

नारनौल में बैठक लेती हुई डीसी अनुपमा अंजली

हादसों वाले स्थानों पर कार्रवाई कर रिपोर्ट दें एजेंसियां

डीसी ने सड़क निर्माण और रखरखाव से जुड़ी सभी एजेंसियों को निर्देश दिए कि हादसों वाले स्थानों की पहचान कर जरूरी सुधारात्मक कार्रवाई करें और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने अवैध कट जल्द बंद करने, ओवरलोड वाहनों की जांच बढ़ाने, रेड लाइट जंप और ओवरस्पीड के मामलों में अधिक चालान करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करके वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा हिट एंड रन मामलों की जांच जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को समय पर मुआवजा मिल सके।

स्कूल बसों की जांच जारी रखने के निर्देश

बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीसी ने स्कूल बसों की नियमित जांच जारी रखने और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की पालना सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने कोचिंग सेंटरों में भी संबंधित नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव आरटीए मनोज कुमार ने एजेंडे के विभिन्न बिंदु प्रस्तुत किए। नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने भी अपने सुझाव रखे। इस दौरान एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, सीईओ जिला परिषद निर्मल नागर, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह, एसडीएम नारनौल गुरविंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

दो माह में हेलमेट नहीं पहनने पर 4,002 चालान

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर और अक्टूबर में हेलमेट नहीं पहनने पर कुल 4,002 चालान किए गए। इनमें सितंबर में 2,451 और अक्टूबर में 1,551 चालान शामिल हैं। ओवरस्पीड के मामलों में सितंबर में 844 और अक्टूबर में 338 चालान किए गए।

वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में सितंबर में 14 और अक्टूबर में 10 मामले दर्ज किए गए। डीसी ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों की सख्ती से पालना कराने और लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।