भोपाल के प्रभात चौराहे पर निर्माणाधीन डबल डेकर फ्लाईओवर प्रोजेक्ट में देरी पर शुक्रवार को मंत्री विश्वास सारंग नाराज हो गए।
भोपाल के प्रभात चौराहे पर निर्माणाधीन डबल डेकर फ्लाईओवर प्रोजेक्ट में देरी पर शुक्रवार को मंत्री विश्वास सारंग नाराज हो गए। उन्होंने मीटिंग लेकर पीडब्ल्यूडी अफसरों को फटकार लगा दी। कहा कि काम लेट न करें। टाइम लीमिट में ही फ्लाईओवर बनाया जाए।
.
करीब 650 मीटर लंबे डबल-डेकर फ्लाईओवर का निर्माण प्रभात चौराहे (काली मंदिर पुलिया) से लाला लाजपत राय कॉलोनी तक किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को वर्ष 2022 में स्वीकृति मिली थी, जबकि 2023-24 में निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ।
निर्माण के दौरान मेट्रो प्रबंधन और PWD के बीच पेयजल एवं सीवरेज लाइन शिफ्टिंग को लेकर समन्वय की कमी और प्रशासनिक विवाद के कारण कार्य लंबे समय तक बाधित रहा। अधिकारियों की लापरवाही के चलते समय पर समस्या का समाधान नहीं हो सका, जिससे प्रोजेक्ट की रफ्तार थम गई। इसके चलते प्रोजेक्ट 44 करोड़ रुपए से बढ़कर 72 करोड़ रुपए का हो गया। वर्ष 2025 में संशोधित लागत की स्वीकृति के लिए प्रशासनिक स्तर पर फाइल भेजी गई, जो लंबे समय तक लंबित रही।

प्रोजेक्ट में देरी को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने बैठक बुलाई।
इन्हीं मुद्दों को लेकर मंत्री ने मीटिंग बुलाई इन परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री सारंग ने शुक्रवार को PWD के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी लंबित तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं को तत्काल दूर कर निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री सारंग ने निर्माण स्थल के आसपास की सभी सर्विस रोडों को अगले सात दिन के भीतर दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। ताकि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को होने वाली परेशानी कम की जा सके।

प्रोजेक्ट की डिजाइन देखते मंत्री विश्वास सारंग।
फ्लाईओवर बनने से प्रभात चौराहे के जाम से मिलेगी बड़ी राहत यह डबल-डेकर फ्लाईओवर पूरा होने के बाद प्रभात चौराहे पर वर्षों से लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से भोपाल रेलवे स्टेशन की ओर आने-जाने वाले यात्रियों का सफर अधिक सुगम और तेज होगा। वर्तमान में इस चौराहे पर प्रतिदिन भारी यातायात का दबाव रहता है। जिससे लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसना पड़ता है।
फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद प्रतिदिन लाखों नागरिकों, रेलवे यात्रियों, कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा। ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण में कमी आएगी और राजधानी की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारु होगी।