राजस्थान में मानसून फिर एक्टिव है। आज 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में 16 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी जिलों में गर्मी बढ़ने लगी है।

Rajasthan Weather Today

Rajasthan Weather Today

  • Published: 13 Sep 2026, 08:53 AM IST
  • Last Updated: 13 Sep 2026, 08:53 AM IST

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में सितंबर के मध्य में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मानसून के सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने आज 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में भी दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

शनिवार को जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान सबसे ज्यादा असर उदयपुर संभाग में देखने को मिला, जहां कुछ जगहों पर करीब दो इंच तक बारिश दर्ज की गई।

निम्बाहेड़ा में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में 46 MM बारिश दर्ज की गई, जो इस अवधि में सबसे अधिक रही। इसके अलावा बांसवाड़ा, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर, जयपुर, राजसमंद, सीकर, नागौर, पाली, कोटा, डूंगरपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, बारां और अजमेर में भी कई जगहों पर करीब एक इंच तक पानी बरसा।

एक महीने बाद जोधपुर में हुई बारिश
पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अगस्त और सितंबर की शुरुआत के दौरान बारिश काफी कम रही है। इससे कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। इसी बीच जोधपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार शाम हल्की बारिश हुई। स्थानीय स्तर पर करीब एक महीने बाद हुई इस बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अब मौसम का दूसरा रंग भी देखने को मिल रहा है। जोधपुर और बीकानेर संभाग में पश्चिमी हवाएं तेज होने से गर्मी बढ़ने लगी है। शनिवार को जैसलमेर और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

2-3 दिन बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, राजगढ़ और बैतूल होते हुए लो-प्रेशर सिस्टम से जुड़कर दक्षिणी छत्तीसगढ़, गोपालपुर और आगे बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। वहीं, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में लो-प्रेशर सिस्टम सक्रिय है, जो पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।

इस मौसम सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में अगले 2 से 3 दिन हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर 16 सितंबर तक जारी रह सकता है।

पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई जल्द
बारिश के साथ ही राजस्थान में मानसून की विदाई के संकेत भी मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान में अगले सप्ताह के आखिर से मानसून की विदाई का चरण शुरू हो सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है।