राजस्थान में मानसून फिर पकड़ रहा रफ्तार, IMD ने 10 अगस्त तक सक्रिय रहने का अनुमान जताया। अलवर में सबसे ज्यादा 72 मिमी बारिश दर्ज, कई जिलों में जलभराव।

Rajasthan Weather Update

Rajasthan Weather Update

  • Published: 06 Aug 2026, 09:31 AM IST
  • Last Updated: 06 Aug 2026, 09:31 AM IST

Rajasthan Weather Update राजस्थान में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने लगी हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार गुरुवार को राज्य के 21 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 7 अगस्त से उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कई हिस्सों में भारी बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। फिलहाल प्रदेश में 10 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है।

अलवर में सबसे ज्यादा 72 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान अलवर के गोविंदगढ़ में सबसे अधिक 72 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर, भरतपुर, डीग और दौसा समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। तेज बारिश के कारण अलवर शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। वहीं जयपुर, कोटा, राजसमंद, टोंक, हनुमानगढ़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बूंदी और बारां में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बढ़ेगी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और सक्रिय मानसून ट्रफ लाइन के प्रभाव से राजस्थान में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इसी सिस्टम के चलते कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मानसून सीजन में अब भी बारिश की कमी
हालांकि प्रदेश में बारिश का दौर जारी है, लेकिन पूरे मानसून सीजन की बात करें तो अब तक सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। यही वजह है कि जलाशयों में अपेक्षित पानी नहीं पहुंच पाया है।

245 बांध अब भी पूरी तरह खाली
कम बारिश का असर प्रदेश के बांधों पर साफ दिखाई दे रहा है। राजस्थान के 693 छोटे-बड़े बांधों में से केवल 15 बांध ही पूरी तरह भर पाए हैं। वहीं 245 बांध अभी भी पूरी तरह खाली हैं, जबकि 433 बांधों में आंशिक रूप से पानी मौजूद है। यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होती है तो जलाशयों की स्थिति में सुधार की उम्मीद की जा रही है।