Time Published: Saturday, August 8, 2026, 15:40 [IST]

Rajesh Khanna and Simple Kapadia: बॉलीवुड की चमक-दमक के पीछे कई ऐसी कहानियां छिपी हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। ऐसी ही एक कहानी है डिंपल कपाड़िया (Dimple Kapadia) की छोटी बहन सिंपल कपाड़िया की, जिन्होंने अपनी बहन के नक्शेकदम पर चलते हुए फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। हालांकि डिंपल कपाड़िया जहां महज 16 साल की उम्र में 'बॉबी' से रातोंरात स्टार बन गई थीं, वहीं सिंपल को इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा था।

डिंपल कपाड़िया की बहन सिंपल ने किया ऐसा संघर्ष
खास बात ये है कि सिंपल कपाड़िया का रिश्ता सिर्फ डिंपल से ही नहीं बल्कि उनके जीजा और बॉलीवुड के सुपरस्टार राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) से भी जुड़ा था। एक वक्त ऐसा भी था जब वह मजाक में खुद को डिंपल के दहेज का हिस्सा कहा करती थीं लेकिन राजेश खन्ना के साथ काम करने का उनका अनुभव बेहद कड़वा रहा। सिंपल ने एक पुराने इंटरव्यू में राजेश खन्ना के गंदे बर्ताव और उनके साथ काम करने के दौरान पेश आई मुश्किलों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे।

Rajesh Khanna

16 साल की उम्र में ही स्टार बन गई थीं डिंपल कपाड़िया

जानकारी के अनुसार साल 1973 में खूबसूरत एक्ट्रेस डिंपल कपाड़िया ने राज कपूर की सुपरहिट फिल्म 'बॉबी' से बॉलीवुड में एंट्री की थी। उन्होंने इस फिल्म में ऋषि कपूर के साथ काम किया था। आपको बता दें कि उस समय डिंपल कपाड़िया की उम्र सिर्फ 16 साल थी। डिंपल कपाड़िया की छोटी बहन सिंपल कपाड़िया, जो उस समय बोर्डिंग स्कूल में पढ़ती थीं, उनको अपनी बहन के बॉलीवुड डेब्यू के बार में अखबारों से पता चला था।

डिंपल कपाड़िया ने राजेश खन्ना से कर ली थी शादी

सिंपल इस बात को जानने के बाद हैरान हो गई थीं कि अब उनकी बड़ी बहन डिंपल फिल्मों में काम कर रही हैं। हालांकि 'बॉबी' मूवी के रिलीज होने के कुछ समय बाद ही डिंपल कपाड़िया का करियर रुक गया था क्योंकि उन्होंने हिंदी फिल्मों के सुपरस्टार राजेश खन्ना से शादी कर ली थी। वहीं राजेश खन्ना नहीं चाहते थे कि उनकी पत्नी फिल्मों में काम करे और डिंपल कपाड़िया ने उनकी बात मान ली।

फिल्म 'अनुरोध' में राजेश खन्ना के साथ साली सिंपल ने किया था काम

वहीं अपनी बड़ी बहन डिंपल कपाड़िया के नक्शेकदम पर चलते हुए सिंपल ने भी बाद में फिल्मों में एक्टिंग करनी शुरू की। उन्होंने साल 1977 में अपने जीजा राजेश खन्ना के साथ फिल्मों में कदम रखा था। उस समय राजेश खन्ना के करियर में पहली बार उनकी फिल्में फ्लॉप हो रही थीं। फिल्म 'अनुरोध' में राजेश खन्ना और सिंपल कपाड़िया ने साथ में काम किया था। हालांकि ये फिल्म भी फ्लॉप रही थी।

25 फिल्मों के बाद सिंपल ने छोड़ दी थी एक्टिंग

इसके बाद कुछ सालों तक सिंपल कपाड़िया ने एक एक्ट्रेस के तौर पर अपनी जगह बनाने की पूरी कोशिश की थी लेकिन 25 फिल्मों के बाद ही उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी और मूवीज के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग करने लगीं, जिसके लिए उन्हें बाद में नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला था।

डिंपल के दहेज का हिस्सा थीं सिंपल कपाड़िया

-जब डिंपल कपाड़िया ने राजेश खन्ना से शादी की थी, तो उसके बाद से सिंपल भी उनके साथ ही रहती थीं। वह मजाक में लोगों से कहती थीं- मैं डिंपल के दहेज का हिस्सा हूं। आपको बता दें कि डिंपल कपाड़िया और राजेश खन्ना ने भले ही लव मैरिज की हो लेकिन शादी के बाद से ही उनकी जिंदगी मुश्किलों से भरी रही। हालांकि एक ही घर में रहने के बावजूद सिंपल को कभी उनकी समस्याओं की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ।

-साल 1986 में पत्रकार सुष्मिता रे के साथ बात करते हुए सिंपल ने कहा था- हैरानी की बात ये है कि एक ही घर में रहने के बावजूद मुझे डिंपल और राजेश खन्ना के बीच की समस्याओं के बारे में पता ही नहीं था। दरअसल मेरी उन दोनों के साथ कभी नहीं बनी।

सिंपल कपाड़िया और राजेश खन्ना के बीच नहीं था अच्छा रिश्ता

-सिंपल कपाड़िया ने कहा था- राजेश खन्ना को समझना बहुत मुश्किल था। वह बिल्कुल भी सुलझे हुए इंसान नहीं थी। ऐसे में मैं कभी भी उनसे जुड़ाव महसूस नहीं कर पाई। जब मैंने अपनी पहली हिंदी फिल्म, शक्ति सामंत की 'अनुरोध' साइन की थी, तो राजेश खन्ना ने मेरे साथ बहुत ही गंदा बर्ताव किया था। मेरे साथ कचरे जैसा बर्ताव किया था।

-सिंपल ने कहा था- अनुरोध मेरी पहली फिल्म थी, इसलिए मैं बहुत नर्वस और डरी हुई थी लेकिन राजेश खन्ना ने मेरी मदद के लिए उंगली तक नहीं उठाई। उन्होंने मेरे साथ डायलॉग की रिहर्सल करने से भी मना कर दिया था। उनका रवैया बिल्कुल भी सहयोगपूर्ण नहीं था। उनके गंदे बर्ताव से मेरी आंखों में आंसू आ गए थे।

साली के साथ काम करने पर राजेश खन्ना को हुई थी परेशानी

-सिंपल कपाड़िया ने बताया था- इस स्थिति को संभालने के लिए फिल्म के निर्देशक शक्ति सामंत आगे आए थे। उन्होंने राजेश खन्न के साथ 'आराधना', 'कटी पतंग', 'अमर प्रेम' जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया था। डायरेक्टर ने मेरा साथ दिया क्योंकि उन्हें लगा था कि राजेश खन्ना सेट पर मेरे साथ बदसलूकी कर रहे हैं।

-सिंपल कपाड़िया ने कहा- आखिरकार शक्ति सामंत ने राजेश खन्न से कहा था- तुम भले ही सुपरस्टार हो और वह तुम्हारी साली है लेकिन मेरे सेट पर वह एक नई कलाकार है और तुम्हें उसके साथ सम्मान से पेश आना चाहिए। डांट खाने के बाद राजेश खन्ना को उनकी बात माननी पड़ी थी क्योंकि उनके पास कोई और चारा नहीं था।

राजेश खन्ना सिंपल को कहते थे 'बदसूरत बहन'

सिंपल ने आगे कहा था- डिंपल से लगातार मेरी तुलना होती रहती थी और राजेश खन्ना मुझे 'बदसूरत बहन' कहते थे। जब 'अनुरोध' मूवी फ्लॉप हुई राजेश खन्ना ने कहा था कि दर्शक खूबसूरत डिंपल कपाड़िया के बाद एक बदसूरत बहन को स्वीकार नहीं कर पाए। सिंपल ने कहा- मैंने फिल्म में अच्छा काम करने की कोशिश की थी लेकिन सब सही नहीं हो पाया। मुझे पता है कि डिंपल खूबसूरत है। मुझे ये बात तब से पता है जब से मैं पैदा हुई थी। मेरी बहन इस इंडस्ट्री में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में बहुत खूबसूरत है।

सिंपल से सलाह लेती थीं डिंपल कपाड़िया

-जानकारी के अनुसार राजेश खन्ना से अलग होने के बाद डिंपल कपाड़िया ने साल 1984 में फिल्मों में वापसी की थी। डिंपल अपनी छोटी बहन सिंपल के काफी करीब थीं। डिंपल कई चीजों के लिए सिंपल से सलाह लेती थीं। खासतौर पर जब भी उन्हें ये तय करने में मुश्किल होती थी कि वह क्या पहनें या खुद को कैसे स्टाइल करें, तो वह हमेशा छोटी बहन सिंपल से सजेशन लेती थीं।

-सिंपल ने अपने इंटरव्यू में बताया था- 1980 के दशक में, फिल्मों का कॉस्ट्यूम डिपार्टमेंट उतना व्यवस्थित नहीं था। हालांकि भानु अथैया जैसे डिजाइनर फिल्मों के लिए काम करते थे लेकिन कई मेन स्ट्रीम की फिल्मों में कॉस्ट्यूम चुनने का काम फिल्म की मेन हीरोइन पर ही छोड़ दिया जाता था।

सिंपल कपाड़िया और राजिंदर सिंह शेट्टी की शादी

साल 1992 में सिंपल कपाड़िया ने राजिंदर सिंह शेट्टी से शादी कर ली थी लेकिन ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों का तलाक हो गया। शादी के बाद साल 1993 में सिंपल ने बेटे करण कपाड़िया का जन्म दिया था। वहीं करण कपाड़िया ने साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म 'ब्लैंक' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।

कैंसर से हुआ था सिंपल कपाड़िया का निधन

आपको बता दें कि साल 2009 में, कैंसर से 3 साल तक लड़ने के बाद 51 साल की उम्र में सिंपल कपाड़िया का निधन हो गया था। उन्हें साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म 'तुम मिलो तो सही' के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन करने थे लेकिन बीमार पड़ने के कारण उन्हें बीच में ही ये मूवी छोड़नी पड़ी थी। वहीं फिल्म 'अनुरोध' के अलावा सिंपल कपाड़िया ने अपने करियर में 'चक्रव्यूह', 'मन पसंद', 'लूटमार', 'जमाने को दिखाना है' और 'प्यार के दो पल' जैसी मूवीज में एक्टिंग की थी।

सिंपल ने अपनी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखे

-सिंपल कपाड़िया का फिल्मी सफर भले ही बहुत लंबा नहीं रहा लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाने की कोशिश की। करीब 25 फिल्मों में अभिनय करने के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बनाकर कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग को अपना करियर बनाया और इसमें सफलता हासिल की। निजी जिंदगी में डिंपल कपाड़िया की बहन, राजेश खन्ना की साली और करण कपाड़िया की मां के रूप में पहचानी जाने वाली सिंपल ने अपनी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखे।

-महज 51 साल की उम्र में कैंसर की वजह से उनका निधन हो गया था लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में बतौर कॉस्ट्यूम डिजाइनर और एक्ट्रेस उनका योगदान आज भी याद किया जाता है। उनकी कहानी इस बात की मिसाल है कि किसी बड़े स्टार के परिवार का हिस्सा होने के बावजूद अपनी पहचान बनाना अपने आप में एक अलग संघर्ष होता है।