Ram Kapoor Molested by Senior: रियलिटी शो 'लॉकअप 2' (Lock Upp 2) इन दिनों अपने कंटेस्टेंट्स के चौंकाने वाले खुलासों की वजह से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. शो में हर हफ्ते कंटेस्टेंट अपनी जिंदगी के ऐसे राज दुनिया के सामने रख रहे हैं, जिनके बारे में शायद उनके सबसे करीबी लोग भी नहीं जानते. हाल ही में आकांक्षा चमोला ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा बड़ा खुलासा किया था, वहीं अब एक्टर राम कपूर ने अपनी जिंदगी के सबसे दर्दनाक अनुभव को पहली बार नेशनल प्लेटफार्म पर साझा किया है.
वीकेंड एपिसोड में एलिमिनेशन राउंड के दौरान राम कपूर खतरे के जोन में पहुंच गए थे. हालांकि उन्होंने बजर दबाकर खुद को एलिमिनेशन से सुरक्षित कर लिया. इसके बाद शो के नियम के मुताबिक उन्हें अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा राज बताना पड़ा. इस दौरान राम कपूर ने खुलासा किया कि जब वो सिर्फ 13 साल के थे, तब बोर्डिंग स्कूल में उनके साथ छेड़छाड़ हुई थी. उन्होंने बताया कि इस घटना ने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी थी और वो लंबे समय तक मानसिक ट्रॉमा से जूझते रहे.
13 साल की उम्र में हुआ था दर्दनाक अनुभव
राम कपूर ने बताया कि ये घटना उस समय की है, जब वो आठवीं क्लास में पढ़ते थे और उनकी उम्र करीब 13 साल थी. वो एक बोर्डिंग स्कूल में रहते थे, जहां सभी स्टूडेंट्स पढ़ाई के बाद एक-दूसरे के कमरों में जाकर बातें करते, हंसी-मजाक करते और समय बिताते थे. राम कपूर ने बताया कि उसी दौरान 10वीं क्लास का एक स्टूडेंट, जिसकी उम्र करीब 15 साल थी उनके साथ बैठा हुआ था. शुरुआत में सब कुछ नार्मल लग रहा था, लेकिन अचानक उसने उनके साथ गंदी हरकत की. राम कपूर ने कहा कि उस वक्त कमरे में करीब 30 से 40 बच्चे मौजूद थे. उन्हें समझ ही नहीं आया कि आखिर उनके साथ क्या हो रहा है. वो डर और सदमे की वजह से पूरी तरह जम गए थे और कुछ भी बोल नहीं पा रहे थे.
'मैं कुछ कर ही नहीं पाया'
अपनी आपबीती सुनाते हुए राम कपूर भावुक हो गए. उन्होंने बताया कि उस समय वो पूरी तरह घबरा गए थे और समझ नहीं पा रहे थे कि विरोध करें, वहां से हट जाएं या चुप रहें. राम कपूर ने कहा, "मैं बोर्डिंग स्कूल में था. हम सब बच्चे मस्ती कर रहे थे. तभी एक सीनियर स्टूडेंट ने रजाई के अंदर मुझे गलत तरीके से छुआ. कमरे में बहुत सारे बच्चे थे और मैं पूरी तरह जम गया था. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हो क्या रहा है." उन्होंने आगे बताया कि काफी देर बाद उन्होंने हिम्मत जुटाई और उस बच्चे से कहा कि उन्हें ये सब अच्छा नहीं लग रहा. इतना सुनते ही वो स्टूडेंट तुरंत रुक गया और वहां से चला गया.
इस घटना ने पूरी तरह बदल दिया था स्वभाव
राम कपूर ने बताया कि इस घटना का असर उनके व्यक्तित्व पर साफ दिखाई देने लगा था. वो पहले की तुलना में काफी शांत हो गए थे. लोगों से कम बात करते थे और अपने भीतर ही रहने लगे थे. उन्होंने कहा कि कई दिनों तक वो इस घटना को भूल नहीं पाए और ये उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा मानसिक ट्रॉमा बन गया. उस समय वो इतने छोटे थे कि उन्हें समझ ही नहीं था कि आखिर उनके साथ क्या हुआ है और इस बारे में किससे बात करनी चाहिए.
कुछ हफ्तों बाद सीनियर ने मांगी माफी
राम कपूर ने ये भी बताया कि इस घटना के कुछ हफ्तों बाद वही स्टूडेंट उनके पास आया और अपनी गलती स्वीकार करते हुए उनसे माफी मांगी. एक्टर के मुताबिक, उस स्टूडेंट को अपने किए पर गहरा पछतावा था. बाद में जब भी दोनों की मुलाकात होती, वो अपनी गलती के लिए शर्मिंदगी जाहिर करता था और उन्हें ये महसूस कराने की कोशिश करता था कि उसे अपने बेहेवियर पर अफसोस है. राम कपूर ने कहा, "ये मेरी जिंदगी की सबसे अजीब बात है कि जिस इंसान की वजह से मुझे सबसे बड़ा ट्रॉमा मिला, उसी इंसान ने बाद में मुझे उस दर्द से बाहर निकलने में मदद भी की. आज हम दोनों दोस्त हैं."
परिवार को भी नहीं था इस राज का पता
राम कपूर ने बताया कि इतने सालों तक उन्होंने इस घटना का जिक्र अपने माता-पिता, बच्चों या परिवार के किसी अन्य सदस्य से नहीं किया. उन्होंने कहा कि इस राज के बारे में सिर्फ उनकी पत्नी गौतमी कपूर को जानकारी थी. पहली बार उन्होंने इस घटना को सार्वजनिक मंच पर दुनिया के सामने रखा है. राम कपूर ने माना कि इतने सालों तक इस दर्द को अपने भीतर दबाकर रखना आसान नहीं था, लेकिन अब इसे साझा करने के बाद उन्हें मानसिक रूप से काफी हल्का महसूस हो रहा है.
इस घटना ने बदल दी जिंदगी और सोच
राम कपूर ने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें जीवन को एक अलग नजरिए से देखना सिखाया. उन्होंने बताया कि अब वो लोगों के दर्द, मानसिक संघर्ष और भावनाओं को पहले से कहीं बेहतर तरीके से समझ पाते हैं. उन्होंने ये भी कहा कि इस अनुभव के बाद उनकी सोच में बदलाव आया और अब वो LGBTQ+ समुदाय को भी पहले से ज्यादा संवेदनशीलता और समझ के साथ देख पाते हैं. उनके मुताबिक, किसी भी व्यक्ति की परिस्थितियों और अनुभवों को जाने बिना उसके बारे में राय नहीं बनानी चाहिए.
ये भी पढ़ें: अजय देवगन की फिल्म ने दूसरे दिन मचाया गदर, जानें Dhamaal 4 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन