Ramayana Vs Adipurush: बॉलीवुड की मच अवेटेड फिल्मों में शामिल नितेश तिवारी की 'रामायण' को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और बढ़ गया है. फिल्म का मच अवेटेड ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है. जी हां, मेकर्स ने गुरुवार यानी 30 जुलाई की सुबह करीब 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में फिल्म का ट्रेलर जारी किया. ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर 'रामायण' की चर्चा तेज हो गई और फिल्म के विजुअल्स से लेकर स्टारकास्ट तक की खूब तारीफ होने लगी. खास तौर पर रणबीर कपूर का भगवान श्री राम के रूप में लुक, साई पल्लवी का सीता के रूप में अवतार और यश का रावण वाला अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है.

दिलचस्प बात ये है कि 'रामायण' के ट्रेलर की चर्चा के बीच साल 2023 में रिलीज हुई प्रभास और कृति सेनन स्टारर 'आदिपुरुष' एक बार फिर सोशल मीडिया पर ट्रोल होने लगी है. कई यूजर्स ने 'रामायण' के ट्रेलर की तुलना 'आदिपुरुष' से की और पुरानी फिल्म के सीन्स और डायलॉग्स को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. यही वजह है कि 'आदिपुरुष' का नाम भी 'रामायण' की चर्चा के बीच सोशल मीडिया ट्रेंड में दिखाई देने लगा. तो चलिए जानते हैं आदिपुरुष को लेकर दर्शक क्या कह रहे हैं. 

'रामायण' के ट्रेलर ने जीता दर्शकों का दिल

करीब चार मिनट के ट्रेलर में 'रामायण' की भव्य दुनिया की झलक देखने को मिलती है. ट्रेलर में भगवान राम की जिंदगी, उनके वनवास और आगे आने वाली बड़ी चुनौतियों की झलक दिखाई गई है. रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं. वहीं यश को लंकापति रावण के रूप में देखा जा सकता है.

यश के रावण वाले अवतार ने खास तौर पर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. उनका लुक, बॉडी लैंग्वेज और किरदार की आक्रामकता दर्शकों को काफी पसंद आ रही है. ट्रेलर में राम और रावण के बीच होने वाले संघर्ष की भी झलक मिलती है, जिसने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है.

सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे लोग

ट्रेलर की रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे बड़े पैमाने पर शेयर करना शुरू कर दिया. 'रामायण' से जुड़े पोस्ट और वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं. हालांकि, हर कोई पूरी तरह संतुष्ट भी नहीं है. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने रणबीर को राम और साई पल्लवी को सीता के रूप में देखने पर अपनी अलग-अलग राय रखी है. वहीं यश को रावण के किरदार में लेकर ज्यादातर चर्चाएं काफी सकारात्मक नजर आ रही हैं.

'रामायण' देखते ही याद आई 'आदिपुरुष'

'रामायण' के ट्रेलर के सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स को 'आदिपुरुष' की याद आ गई. दरअसल, 'आदिपुरुष' भी रामायण की कहानी पर आधारित थी और इसमें प्रभास ने भगवान राम, कृति सेनन ने माता सीता का किरदार निभाया था. फिल्म के रिलीज होने के बाद इसके वीएफएक्स, किरदारों के लुक और कुछ डायलॉग्स को लेकर काफी विवाद हुआ था. अब 'रामायण' के ट्रेलर में दिखाई गई भव्यता और विजुअल ट्रीटमेंट को देखकर कई यूजर्स ने 'आदिपुरुष' को फिर से निशाने पर ले लिया है. सोशल मीडिया पर लोग सवाल करते नजर आए कि आखिर 'आदिपुरुष' जैसी फिल्म को थिएटर में रिलीज के लिए कैसे मंजूरी मिल गई थी.

ramayana (4)

यूजर्स कह रहे ऐसी बातें

एक यूजर ने 'आदिपुरुष' की एक क्लिप शेयर करते हुए लिखा कि आखिर ये फिल्म सिनेमाघरों तक कैसे पहुंच गई थी. यूजर ने फिल्म के एक सीन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि समझ नहीं आता कि इसे एडिटिंग के दौरान कैसे पास कर दिया गया. वहीं एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि 'आदिपुरुष' को दोबारा देखने का अनुभव कोई नहीं लेना चाहेगा. इस तरह के कई कमेंट्स सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. 'रामायण' के ट्रेलर की तारीफ के साथ-साथ 'आदिपुरुष' को ट्रोल करने का सिलसिला भी तेज हो गया है.

दो पार्ट में रिलीज होगी 'रामायण'

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा. फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के लिए तय किया गया है. निर्देशक नितेश तिवारी ने यह भी बताया है कि पहले पार्ट का अंत क्लिफहैंगर के साथ किया जाएगा, ताकि दर्शकों के मन में दूसरे पार्ट को लेकर उत्सुकता बनी रहे.

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान जी की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं. फिल्म में वीएफएक्स पर भी बड़े स्तर पर काम किया गया है और इसे आईमैक्स के लिए भी शूट किया गया है. फिल्म के म्यूजिक से ए.आर. रहमान और हंस जिमर जैसे बड़े नाम जुड़े हैं.

ये भी पढ़ें: 'रामायण' के ट्रेलर में कुछ सेकेंड के लिए दिखे ये स्टार्स, रवि दुबे, विवेक ओबरॉय से लारा दत्ता तक, जानें किसका क्या रोल?