Rise & Fall Season 2: 'राइज़ एंड फॉल सीजन 2' को लेकर बड़ा ऐलान हुआ है। नए सीजन में अशनीर ग्रोवर की जगह पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग शो की होस्टिंग करते नजर आएंगे।

Virender Sehwag to host Rise and Fall Season 2

'राइज एंड फॉल सीजन 2' की होस्टिंग करेंगे वीरेंद्र सहवाग

  • Published: 11 Sep 2026, 03:11 PM IST
  • Last Updated: 11 Sep 2026, 03:11 PM IST

Rise And Fall Season 2: अमेजॉन प्राइम वीडियो का रियलिटी शो राइज़ एंड फॉल एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने वाला है। साल 2025 में रिलीज हुए इस शो की होस्टिंग अशनीर ग्रोवर ने की थी और ये शो अपने अनोखे फॉर्मेट और पावर गेम के चलते काफी सुर्खियों में था। कई दर्शकों ने इसे रियलिटी शो बिग बॉस से भी ज्यादा दिलचस्प बताया था। अब शो के दूसरे सीजन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

इस बार शो की कमान बिजनेस जगत से आने वाले अशनीर ग्रोवर के हाथों में नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के हाथों में होगी।

वीरेंद्र सहवाग संभालेंगे 'राइज़ एंड फॉल 2' की कमान
प्राइम वीडियो ने शुक्रवार को 'राइज़ एंड फॉल सीजन 2' की पहली झलक शेयर की। इसके साथ ही मेकर्स ने नए होस्ट के नाम से भी पर्दा उठा दिया। प्रोमो में वीरेंद्र सहवाग अपने खास मजाकिया और बेबाक अंदाज में जिंदगी के उतार-चढ़ाव की बात करते नजर आते हैं।

क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रहे सहवाग अब रियलिटी शो की दुनिया में अपनी किस्मत आजमाते दिखाई देंगे। क्रिकेट से संन्यास के बाद वह कमेंट्री और क्रिकेट विश्लेषण से जुड़े रहे हैं, लेकिन यह पहली बार है जब वह किसी स्ट्रीमिंग रियलिटी शो को बतौर होस्ट संभालेंगे।

क्या है 'राइज़ एंड फॉल' का फॉर्मेट?
राइज़ एंड फॉल की कहानी मुख्य रूप से सत्ता, रणनीति और पोजिशन के इर्द-गिर्द घूमती है। दूसरे सीजन में कुल 15 सेलिब्रिटीज प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगे। इन्हें दो अलग-अलग समूहों में बांटा जाएगा- रूलर्स और वर्कर्स।

रूलर्स को पेंटहाउस में रहने और ज्यादा सुविधाओं का फायदा मिलेगा, जबकि वर्कर्स को बेसमेंट में रहना होगा और उन्हें रूलर्स से कम सुविधाएं मिलेंगी।

हालांकि, शो की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यह स्थिति हमेशा एक जैसी नहीं रहने वाली। कंटेस्टेंट्स अपने फैसलों, गठजोड़ और रणनीति के दम पर अपनी पोजिशन ऊपर या नीचे कर सकते हैं।

एक गलत फैसला बदल सकता है पूरा गेम
शो में सिर्फ टास्क जीतना ही काफी नहीं होगा। कंटेस्टेंट्स को यह भी तय करना होगा कि किस पर भरोसा करना है, किसके साथ गठबंधन बनाना है और अपनी पोजिशन बचाने के लिए उन्हें किस हद तक रणनीति अपनानी है।

यानी जो कंटेस्टेंट शुरुआत में सबसे मजबूत स्थिति में होगा, जरूरी नहीं कि वह अंत तक उसी जगह पर बना रहे। वहीं, नीचे रहने वाले प्रतियोगियों के पास ऊपर आने के लिए लगातार मौके मौजूद रहेंगे।

फिलहाल मेकर्स ने राइज़ एंड फॉल 2 की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। दर्शकों को शो के प्रीमियर और कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।