RTO Services: सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने आधार आधारित फेसलेस ऑनलाइन सेवाओं का दायरा बढ़ाकर वाहन मालिकों और ड्राइविंग लाइसेंस धारकों के लिए बड़ी राहत दी है।

RTO Services

गाड़ी ट्रांसफर समेत 100 सर्विस अब फेसलेस

  • Published: 13 Jul 2026, 08:23 PM IST
  • Last Updated: 13 Jul 2026, 08:23 PM IST

RTO Services: सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने वाहन मालिकों और ड्राइविंग लाइसेंस धारकों के लिए बड़ी राहत देते हुए आधार बेस्ड फेसलेस ऑनलाइन सर्विस का दायरा बढ़ा दिया है। अब स्वैच्छिक आधार ऑथेंटिकेशन के जरिए उपलब्ध ऑनलाइन सेवाओं की संख्या 58 से बढ़ाकर 100 कर दी गई है। इससे लोगों को कई जरूरी कामों के लिए आरटीओ के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कई काम अब ऑनलाइन
नई सेवाओं के तहत अब नागरिक ड्राइविंग लाइसेंस (DL) के लिए आवेदन, मौजूदा लाइसेंस में नई वाहन श्रेणी जोड़ने, ड्राइविंग लाइसेंस को स्थायी रूप से सरेंडर करने और DL से जुड़े मोबाइल नंबर को अपडेट करने जैसे काम भी ऑनलाइन कर सकेंगे।

बिना आधार के भी मिलेगी सुविधा
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि आधार ऑथेंटिकेशन पूरी तरह स्वैच्छिक है। जिन लोगों के पास आधार नहीं है या जो इसका उपयोग नहीं करना चाहते, वे वैकल्पिक पहचान दस्तावेज जमा कर अपनी पहचान सत्यापित कर सकते हैं। ऐसे मामलों में संबंधित प्राधिकरण के माध्यम से ऑफलाइन प्रक्रिया अपनाकर सभी सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा।

RC से जुड़े कई काम भी हुए फेसलेस
वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (RC) से संबंधित कई सेवाओं को भी अब ऑनलाइन कर दिया गया है। इनमें नाम बदलना, मोबाइल नंबर अपडेट करना, RC का नवीनीकरण, नॉमिनी जोड़ना या उसकी जानकारी में बदलाव करना, मालिक द्वारा NOC रद्द कराना और RC रद्द कराना जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

टैक्स रिफंड और ओनरशिप ट्रांसफर भी ऑनलाइन
अब वाहन मालिक मोटर व्हीकल टैक्स का भुगतान और टैक्स रिफंड की प्रक्रिया भी ऑनलाइन पूरी कर सकेंगे। इसके अलावा, वाहन मालिक की मृत्यु होने की स्थिति में वाहन का स्वामित्व (Ownership) ट्रांसफर भी ऑनलाइन किया जा सकेगा।

इन सेवाओं को भी किया गया शामिल
नई ऑनलाइन सेवाओं में हाइपोथिकेशन जोड़ना, हटाना या जारी रखना, वाहन को कमर्शियल से पर्सनल कैटेगरी में बदलना, विंटेज वाहनों का रजिस्ट्रेशन और दूसरे राज्य में स्थानांतरण के बाद नया रजिस्ट्रेशन मार्क प्राप्त करना जैसी सुविधाएं भी शामिल कर दी गई हैं।

इन बदलावों का उद्देश्य वाहन मालिकों और ड्राइविंग लाइसेंस धारकों को अधिक पारदर्शी, तेज और बिना आरटीओ गए डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है।

(मंजू कुमारी)