
कोलंबो टेस्ट में डेब्यू कर पाएंगे सहन अरच्चिगे?Image Credit source: Sri Lanka Cricket
श्रीलंका ने सोचा भी नहीं होगा कि अनुभवहीन मानी जा रही भारतीय टीम के खिलाफ अपने ही घर में उसे टेस्ट सीरीज में बराबरी के लिए संघर्ष करना पड़ेगा. मगर स्थिति यही है कि पहला मैच हारने के बाद अब आखिरी टेस्ट में उसे जीत हासिल करनी ही होगी. साथ ही चोट से भी टीम जूझ रही है, जिसके चलते कोलंबो टेस्ट के लिए स्क्वॉड में बदलाव किया गया. श्रीलंकाई टीम में एक ऐसे बल्लेबाज को चुना गया है, जिसने कुछ ही हफ्तों पहले भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ खूब रन बनाए थे. नाम है सहान अरच्चिगे, जो विराट कोहली की तरह जर्सी नंबर-18 पहनते हैं.
श्रीलंका क्रिकेट ने कोलंबो में 23 अगस्त से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच के लिए स्क्वॉड में दो खिलाड़ियों को एंट्री दी- सहान अरच्चिगे और कामिल मिशारा. इन दोनों में से किसी ने भी अभी तक टेस्ट डेब्यू नहीं किया है लेकिन दोनों को फर्स्ट क्लास क्रिकेट का अच्छा-खासा अनुभव है. खास तौर पर अरच्चिगे ने घरेलू क्रिकेट से लेकर श्रीलंका ए टीम के कई मैच खेले हैं. मगर अरच्चिगे हैं कौन और उनका करियर कैसा रहा है?
कैसा है अरच्चिगे का करियर?
30 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज अरच्चिगे टीम को ऑफ स्पिन गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं. उन्होंने 2016 में कोल्ट्स क्रिकेट क्लब के लिए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने अलग-अलग क्लबों के लिए लंबा क्रिकेट खेला और दमदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की सीमित ओवरों की टीम में जगह बनाई. अरच्चिगे का फर्स्ट क्लास क्रिकेट प्रदर्शन असरदार रहा है. उन्होंने 85 मैचों में 4365 रन बनाए हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 38 का है और उनके नाम 9 शतक और 27 अर्धशतक हैं. उनका सर्वोच्च स्कोर 167 रन है. गेंदबाजी में भी उन्होंने 63 विकेट लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/34 है.
इंडिया ए के खिलाफ लगा चुके शतक
इस टेस्ट सीरीज से कुछ ही हफ्ते पहले जून 2026 में सहान अरच्चिगे भारतीय गेंदबाजी के खिलाफ अपनी बैटिंग का कमाल दिखा चुके हैं. श्रीलंका दौरे पर गई इंडिया ए के खिलाफ दो अनऑफिशियल टेस्ट मैच में अरच्चिगे ने एक शतक और एक अर्धशतक जमाया था. इस सीरीज में टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने 3 पारियों में 209 रन बनाए थे. जिस मैच में उन्होंने शतक लगाया था, उसमें सारांश जैन, गुरनूर बराड़ और आकिब नबी जैसे गेंदबाज भी थे, जो मौजूदा भारतीय टीम का हिस्सा हैं.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More