Published: Tuesday, July 28, 2026, 16:48 [IST]
Salman Khan Ex-GF Somy Ali: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) इन दिनों खबरों में छाए हुए हैं। कभी वह CJP के नेतृत्व में हुए छात्र आंदोलन (Student Protest) को सपोर्ट करते नजर आते हैं तो कभी अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल से पोस्ट कर जंतर-मंतर पर मौजूद स्टूडेंट्स को घर वापस चले जाने के लिए कहते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं कुछ दिनों पहले सलमान खान के लुक को लेकर भी काफी चर्चाएं हो रही थीं। तस्वीरों में सलमान खान की हालत देख उनके फैंस परेशान हो गए थे। वहीं इन सबके बीच अब भाईजान की एक्स गर्लफ्रेंड इंटरनेट पर छा गई हैं।
सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली ने उठाया बड़ा कदम
सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली इस समय सुर्खियों में हैं। पूर्व एक्ट्रेस और एक्टिविस्ट सोमी अली ने बताया है कि उन्होंने पिछले 16 साल, बॉलीवुड के लापता एक्टर राज किरण को खोजने में बिताए हैं। सोमी अली ने कहा कि उन्होंने दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर से वादा किया था कि वह राज किरण को खोजना कभी बंद नहीं करेंगी।
सोमी अली ने शुरू किया गायब हुए राज किरण को ढूंढने का काम
-आपको बता दें कि एक समय पर ऋषि कपूर और राज किरण की इंडस्ट्री में काफी अच्छी दोस्ती थी। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम भी किया था। वहीं 2000 के दशक की शुरुआत में रहस्यमय तरीके से गायब हुए राज किरण का मामला बॉलीवुड के सबसे बड़े अनसुलझे रहस्यों में से एक बना हुआ है।
-फिलहाल सोमी अली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक डिटेल्ड पोस्ट शेयर करते हुए लापता हुए राज किरण की खोज करने को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान ऋषि कपूर के साथ हुई बातचीत के बाद ही राज किरण की खोज शुरू हुई थी।
-ऋषि कपूर एक्ट्रेस सोमी अली के साथ फिल्म 'कर्ज' की यादों को ताजा कर रहे थे। इस फिल्म में राज किरण ने ऋषि कपूर के साथ काम किया था। इसके बाद ऋषि कपूर ने राज किरण के अचानक गायब हो जाने के बारे में सोमी अली से बात की। सोमी अली के मुताबिक उन्होंने और ऋषि कपूर ने मिलकर राज किरण को खोजने का फैसला किया था।
ऋषि कपूर से सोमी अली का वादा
-हालांकि ऋषि कपूर का साल 2020 में निधन हो गया था और ऐसे में वह राज किरण को नहीं ढूंढ पाए थे लेकिन सोमी अली ने बताया कि उन्होंने अपनी खोज जारी रखी है। सोमी अली ने अपनी पोस्ट में लिखा है- मैंने चिंटू जी से शूटिंग के दौरान और उनके जाने से पहले वादा किया था कि मैं राज किरण की खोज कभी नहीं रोकूंगी। ये मेरा 16वां साल है। मैंने प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर्स से मिले एड्रेस के जरिए कई दरवाजे खटखटाए हैं।
-सोमी अली ने आगे लिखा है- मुझे न्यूयॉर्क में एक अपार्टमेंट मिला था, जहां फ्रंट डेस्क पर मौजूद व्यक्ति ने मुझे बताया था कि उसने राज किरण को कभी नहीं देखा लेकिन उनका भाई गोविंद, भाभी जूडी और उनकी बेटी उस अपार्टमेंट में 11 साल तक रहे थे।
आज भी राज किरण को ढूंढ रहीं हैं सोमी अली
-सोमी अली ने गायब हुए राज किरम का पता लगाने की अपनी कोशिशों के स्क्रीनशॉट्स और तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं, जिनमें उनके भाई गोविंद और भाभी जूडी से संपर्क करने की कोशिशें भी शामिल हैं। सोमी अली ने लिखा है- मैंने राज किरण के परिवार के सभी लोगों से संपर्क किया था लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। ये सिर्फ चिंटू जी से किया गया वादा नहीं है बल्कि मुझे सच में चिंता है कि राज किरण ठीक हैं या उन्हें जबरदस्ती कहीं रखा गया है।
-लोगों से मदद की अपील करते हुए सोमी अली ने लिखा है- हालांकि इनाम बहुत बड़ा नहीं है लेकिन अगर कोई सही पता बता सके, चाहे वह कोई मेंटल हेल्थ सेंटर हो या अपार्टमेंटस, तो आपको इनाम दिया जाएगा। प्लीज मदद करें। धन्यवाद।
राज किरण को ढूंढने वाले को दिए जाएंगे 4.78 लाख रुपए
-सोमी अली के पोस्ट में कुछ डॉक्यूमेंट्स लोगों के साथ शेयर किए गए हैं जिनमें एक लेटर भी था, जिसके बारे में सोमी अली ने लिखा है- मैंने इसे लिंक्डइन के जरिए राज किरण की भाभी जूडी को भेजा था। इसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने न्यूयॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट से संपर्क करने के बारे में सोचा था। लेटर में लिखा था- मेरा आखिरी रास्ता NYPD में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराना और सही जानकारी देने वाले किसी भी व्यक्ति को 5000 डॉलर (4.78 लाख रुपए) का इनाम देने की पेशकश करना था।
-सोमी अली ने आगे लिखा है- इससे मुझे कोई फायदा नहीं होने वाला है। जैसा कि मैंने बताया, मैंने राज किरण को खोजने के लिए पैसे खर्च किए हैं। कुछ अपनी मां से उधार लिए और बाकी अपनी बचत से। मैं आप लोगों से गुजारिश करती हूं कि इस मुश्किल हालात में आप मेहरबानी करें और एक्टर को मेरा मैसेज दिखाएं।
क्या हुआ था राज किरण के साथ? कहां हैं एक्टर?
-आपको बता दें कि साल 2000 के आसपास राज किरण अचानक लापता हो गए थे। उनके गायब होने के बाद कई तरह की खबरें सामने आई थीं। कुछ लोगों ने दावा किया था कि वह अमेरिका में टैक्सी चला रहे हैं, तो कुछ रिपोर्ट्स में ये कहा गया कि वह किसी मानसिक अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि इन दावों की कभी पुष्टि नहीं हो सकी और सच आज भी पर्दे के पीछे छिपा हुआ है।
-एक समय पर ऋषि कपूर ने दावा किया था कि राज किरण के भाई गोविंद ने उन्हें बताया था कि एक्टर जिंदा हैं और अटलांटा के एक साइकियाट्रिक इंस्टिट्यूशन में रह रहे हैं। ऋषि ने पत्रकार सुभाष के. झा के साथ इन बातों को शेयर किया था। हालांकि बाद में राज किरण की बेटी ऋषिका महता ने इस दावे को गलत बताया था।
परिवार की तलाश, अफवाहों का खंडन, फिर पत्नी ने की दूसरी शादी
-राज किरण की पत्नी कथिजा नाचियार, जिन्हें बाद में रूपा मशरूवाला या रूपा महतानी के नाम से भी जाना गया ने एक्टर के गायब होने के पीछ के सभी कारणों को अफवाह बताया था। परिवार ने राज किरण को ढूंढने के लिए हर संभव कोशिश की थी। पुलिस की भी मदद ली गई थी, निजी जासूसों को लगाया था लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
-वक्त बीतता गया लेकिन राज किरण का कोई पता नहीं चल सका। लंबे समय तक इंतजार करने के बाद, जब राज किरण की कोई खबर नहीं मिली, तो उनकी पत्नी कथिजा नाचियार ने जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला किया और दूसरी शादी कर ली। ये फैसला आसान नहीं था लेकिन हालात ने उन्हें ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया था।
सहजता, दमदार एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस ने जीता था लोगों का दिल
राज किरण ने अपने करियर के दौरान कई यादगार फिल्मों में काम किया और दर्शकों के दिलों में जगह बनाई। 'कर्ज', 'अर्थ', 'घर हो तो ऐसा' और 'बसेरा' जैसी फिल्मों में उनकी दमदार अदाकारी को खूब सराहा गया था। राज किरण ऐसे कलाकार थे जो लीड रोल के साथ-साथ सपोर्टिंग किरदारों में भी उतनी ही मजबूती से नजर आते थे। उनकी सहज एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें उस दौर का एक विश्वसनीय अभिनेता बना दिया था।
करियर की ढलान और मुश्किल दौर
-जहां एक ओर राज किरण का करियर तेजी से ऊंचाइयों पर पहुंच रहा था, वहीं 80 के दशक के अंत तक परिस्थितियां बदलने लगी थीं। धीरे-धीरे उन्हें बड़े रोल मिलना बंद हो गया था और वह छोटे किरदारों तक सीमित हो गए थे। 90 के दशक में हालात इतने बिगड़ गए किराज किरण को बी-ग्रेड फिल्मों में काम करना पड़ा था। कहा जाता है कि काम की कमी और इंडस्ट्री में बदलते ट्रेंड्स का असर उनके मेंटल हेल्थ पर भी पड़ा था। धीरे-धीरे उन्होंने खुद को फिल्मी दुनिया से दूर कर लिया था। वह परेशान रहने लगे थे और उन्होंने खुद को अकेला कर लिया था।
-राज किरण की कहानी आज भी अधूरी है। एक सफल अभिनेता जो अचानक गायब हो गया और फिर कभी न मिलना, ये कहानी आज भी लोगों को हैरान करती है। बॉलीवुड में कई सितारे आए और गए लेकिन राज किरण का रहस्य आज भी उतना ही गहरा है, जितना सालों पहले था।