Salman Khan Maatrubhumi Censor Certificate: भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुए संघर्ष पर आधारित सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ अभी भी सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने के इंतज़ार में है. सलमान की इस फिल्म का फैंस लंबे वक्त से इंतज़ार कर रहे हैं. पहले मेकर्स को इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ से ‘मातृभूमि’ करना पड़ा. फिर फिल्म में कई तरह की तब्दीली करनी पड़ी. जरूरी बदलाव के बाद फिल्म को केंद्र सरकार से हरी झंडी भी मिल गई है. लेकिन सेंसर बोर्ड ने अब तक फिल्म का रिव्यू नहीं किया है. हालांकि फिल्म की रिलीज़ को लेकर सलमान खान की नजर में एक तारीख है.
करीब एक महीने पहले ‘मातृभूमि’ के मेकर्स ने इस फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट के लिए सीबीएफसी के पास भेजा था. बॉलीवुड हंगामा ने अपनी एक रिपोर्ट में एक ट्रेड सोर्स के हवाले से बताया है कि सीबीएफसी ने मेकर्स को आश्वासन दिया था कि वो 26 अक्टूबर को फिल्म की स्क्रीनिंग करेंगे. पर ऐसा हुआ नहीं. सोर्स ने कहा, “सलमान खान कई बार दिल्ली जाकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से स्क्रीनिंग कराने की अपील कर चुके हैं.”
आगे कहा गया, “सलमान खान कोई खास रियायत नहीं मांग रहे हैं. मंत्रालय जो बदलाव चाहता था, उसे उन्होंने कर दिया है और सभी नियमों के मुताबिक सर्टिफिकेशन के लिए आवेदन दिया है. वो अगले महीने फिल्म को रिलीज़ करना चाहते हैं, इसलिए चाहते हैं कि सीबीएफसी जल्द से जल्द फिल्म देखे.”
‘मातृभूमि’ को लेकर लंबे वक्त से सलमान खान और मेकर्स चुप हैं. हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में वक्त वक्त पर इसको लेकर अलग अलग जानकारियां और दावे सुनाई देते हैं. कुछ दिनों पहले मिड डे ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि फिल्म अभी भी रक्षा मंत्रालय के पास स्क्रीनिंग के लिए है और अभी तक वहां से इसे क्लियरेंस नहीं मिला है. हालांकि मेकर्स ने इन दावों का न खंडन किया और न ही पुष्टि.
कौन सी तारीख पर फिल्म रिलीज करना चाहते हैं सलमान?
सलमान खान 13 नवंबर को ‘मातृभूमि’ को रिलीज़ करना चाहते हैं. बस उन्हें इंतजार है तो सीबीएफसी से फिल्म को सर्टिफिकेट मिलने का. जब सोर्स से पूछा गया कि सलमान आखिर 13 नवंबर को ही फिल्म क्यों लाना चाहते हैं, तो जवाब मिला, “13 नवंबर को कोई और फिल्म नहीं आ रही है. राजश्री प्रोडक्शन की ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को आ रही है. सलमान ने साफ किया है कि वो इस फिल्म से दो हफ्ते पहले ‘मातृभूमि’ को रिलीज़ करना चाहते हैं, ताकि दोनों ही फिल्में अच्छा बिज़नेस कर सकें. यही वजह है कि उन्होंने 20 नवंबर की डेट खारिज कर दी है. उन्होंने ये भी साफ किया है कि वो ‘ये प्रेम मोल लिया’ से क्लैश नहीं करेंगे, क्योंकि इसका निर्देशन सूरज बड़जात्या कर रहे हैं, जो उनके लिए परिवार की तरह हैं.”
4 दिसंबर में क्या दिक्कत है?
‘मातृभूमि’ की रिलीज़ को लेकर दिसंबर 4 की तारीख भी चल रही थी. हालांकि उस स्लॉट पर श्रद्धा कपूर की ईठा रिलीज़ हो रही है. ये दोनों ही फिल्में जियो स्टूडियोज़ ही डिस्ट्रिब्यूट कर रहा है. ऐसे में वो एक ही दिन अपनी दो फिल्में नहीं रिलीज़ करेंगे. ऐसे में 13 नवंबर की तारीख ही सबसे अच्छी लग रही है. हालांकि इसके लिए फिल्म को वक्त पर सेंसर सर्टिफिकेट मिलना जरूरी है.

मोहम्मद आसिफ
मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.
Read More