
संजय दत्त और मान्यता दत्त
Sanjay Dutt: मुंबई में गणेश उत्सव की धूम मची हुई है. चारों तरफ बप्पा के जयकारों की गूंज है और लालबागचा राजा के दरबार में भक्तों का तांता लगा हुआ है. इस उत्सव के बीच बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त अपनी पत्नी मान्यता दत्त के साथ ‘लालबागचा राजा’ के दर्शन करने पहुंचे. जहां उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बप्पा का आशीर्वाद लिया. इस दौरान वो पंडाल में भारी भीड़ के बीच पत्नी मान्यता का खास ध्यान रखते हुए भी दिखाई दिए हैं. हालांकि, अब एक वीडियो वायरल भी जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वो पत्नी मान्यता की मांग भरते हुए दिख रहे हैं. हालांकि, सच्चाई यह है कि उन्होंने पत्नी को सिर्फ तिलक लगाया है.
गणेशोत्सव के दौरान संजय दत्त पारंपरिक ऑरेंज कुर्ते में नजर आए. जबकि मान्यता दत्त पिंक कलर के पारंपरिक सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं. दोनों ने पंडाल में पहुंचकर गणपति बप्पा के सामने सिर झुकाया, आरती में हिस्सा लिया और आशीर्वाद लेते हुए दिखाई दिए. इसके बाद बप्पा का तिलक लगाया. इस दौरान वो पत्नी मान्यता के माथे पर भी तिलक लगाते हुए नजर आए हैं.
संजू बाबा ने पत्नी को लगाया तिलक
दर्शन के दौरान संजय दत्त ने पहले खुद बप्पा के चरणों से तिलक लेकर अपने माथे पर लगाया. और फिर बड़े प्यार से पत्नी मान्यता के माथे पर भी तिलक लगाया. सोशल मीडिया पर उनका यह खास और इमोशनल पल जमकर वायरल हो रहा है. हालांकि, कई वीडियो में ऐसा एंगल सामने आ रहा है कि वो पत्नी की मांग भरते दिखे हैं. दरअसल वीडियो में दूसरी तरफ से देखकर ऐसा लग रहा है, इसलिए असल में उन्होंने पत्नी को तिलक लगाया है, न की मांग भरी है. लेकिन जिस प्रेम से वो टीका लगा रहे हैं, उस मोमेंट ने फैन्स का दिल जीत लिया है.
दर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए संजय दत्त ने अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ”यह मेरी खुशकिस्मती है कि मुझे एक बार फिर लालबागचा राजा के दर्शन करने का सौभाग्य मिला. मैं यहां इसलिए आया हूं क्योंकि बप्पा ने मुझे बुलाया है. मेरी यही प्रार्थना है कि बप्पा मुझे हर साल ऐसे ही अपने पास बुलाते रहें और मैं हर बार उनके दर्शन के लिए आता रहूं.”
ये स्टार्स भी अपने परिवार के साथ दिखे
मुंबई के गणेश उत्सव में हर साल फिल्मी दुनिया की हस्तियां लालबागचा राजा के दर्शन के लिए पहुंचती हैं. संजय दत्त से पहले बॉलीवुड के ‘किंग’ शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी और बेटी सुहाना के साथ बाप्पा की आरती में शामिल हुए थे. वहीं रणवीर सिंह भी सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच दर्शन करने पहुंचे थे. फिलहाल, सोशल मीडिया पर संजय दत्त और मान्यता की गणेश दर्शन की तस्वीरें और वीडियो खूब पसंद की जा रही हैं.

अंकिता चौहान
अंकिता चौहान TV9 भारतवर्ष डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. यहां एंटरटेनमेंट सेक्शन में काम कर रही हैं. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 5 साल से अधिक का अनुभव है. हरियाणा स्थित हिसार के गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है और उसके बाद इसी कॉलेज से मास्टर्स डिग्री हासिल की है. इसके बाद हिंदी न्यूज चैनल इंडिया न्यूज से इंटर्नशिप की और यहीं से (मध्य प्रदेश/ छत्तीसगढ़) अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भी की है. उसके बाद बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर हरियाणा न्यूज से जुड़ीं. यहां उनका स्पेशल प्रोग्रामिंग करने का अनुभव है. इसके अलावा स्पोर्ट्स टीम के साथ भी काम किया है. फिर TV9 भारतवर्ष से जुड़ीं. यहां बिजनेस टीम के साथ काम किया है, साथ ही वेब स्टोरीज के सेक्शन में सभी कैटेगिरी की जिम्मेदारियां संभाली हैं और अब एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं.
Read More