Saran News: बिहार में सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में शनिवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घर के बरामदे में बैठी 55 वर्षीय महिला को बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला को पहले तरैया रेफरल अस्पताल ले जाया गया. हालत नाजुक होने पर उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने पटना ले जाने की सलाह दी. पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही महिला की मौत हो गई.

मृतका की पहचान तरैया गांव निवासी स्वर्गीय अवधेश सिंह की 55 वर्षीय पत्नी नीलम देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शनिवार रात वह अपने घर के बरामदे में बैठी थीं. इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और नीलम देवी को गोली मार दी. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.

खून से लथपथ मिली महिला

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे. महिला खून से लथपथ हालत में मिलीं. परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें तरैया रेफरल अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. छपरा सदर अस्पताल में भी चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें पटना रेफर कर दिया गया. परिजन उन्हें लेकर पटना के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही नीलम देवी ने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

वारदात के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने वारदात से जुड़े संभावित पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है. बाइक सवार हमलावर कौन थे और महिला को गोली क्यों मारी गई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है. तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी संभावित सुराग जुटा रही है.

बताया गया है कि नीलम देवी के परिवार का तरैया के रामबाग में होटल का कारोबार है. घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घर के बरामदे में बैठी महिला को गोली मारे जाने और इलाज के दौरान मौत की घटना से पूरे तरैया इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस फिलहाल मामले की हर कड़ी की बारीकी से जांच कर रही है.

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button