Arvind Kejriwal on Satyendar Jain Bail: दिल्ली जल बोर्ड में घोटाले मामले में AAP के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को जमानत मिल गई है। इस पर अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

Arvind Kejriwal on Satyendar Jain Bail

अरविंद केजरीवाल की सत्येंद्र जैन की जमानत पर प्रतिक्रिया।

  • Published: 03 Sep 2026, 06:25 PM IST
  • Last Updated: 03 Sep 2026, 06:28 PM IST

Arvind Kejriwal on Satyendar Jain Bail:  दिल्ली जल बोर्ड (DJB) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को गुरुवार को दिल्ली की एक अदालत से जमानत मिल गई। जमानत मिलने के बाद AAP संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “आज सत्येंद्र जैन को बेल मिल गई। उनको गिरफ्तार क्यों किया गया, किसी को समझ नहीं आ रहा।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस कार्रवाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्या हासिल हुआ।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का ध्यान लोगों को जेल भेजने पर ज्यादा है। उन्होंने कहा, “24 घंटे आप बस लोगों को जेल भेजने के बारे में सोचते रहते हो। देश चलाने में तो कोई इंटरेस्ट ही नहीं आपको और ना ही देश चलाना आता है।” केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी हरकतें किसी गांव के थानेदार जैसी हैं।  

‘सत्येंद्र जैन से कोई पूछताछ नहीं की गई’

केजरीवाल ने जमानत मिलने के बाद गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया जाता है तो आमतौर पर पुलिस कस्टडी ली जाती है और इसके बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है।

केजरीवाल का दावा है कि सत्येंद्र जैन को इस मामले में पुलिस कस्टडी में नहीं भेजा गया और उनसे पूछताछ भी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जैन को सीधे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। केजरीवाल ने इसे मामले की कमजोरी से जोड़ते हुए कहा कि “मात्र 10 दिन में उन्हें बेल मिल गई।”

आज सत्येंद्र जैन को बेल मिल गई।

उनको गिरफ्तार क्यो किया गया। किसी को समझ नहीं आ रहा। किसी भी मामले में किसी को गिरफ्तार उनसे पूछताछ के लिए किया जाता है। इसके लिए पुलिस कस्टडी ली जाती है। पुलिस कस्टडी पूरी होने के बाद व्यक्ति न्यायिक हिरासत में जाता है।

सत्येंद्र जैन को इस… https://t.co/AMqZPFan6x

— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 3, 2026

युवक के वीडियो को लेकर भी केजरीवाल का निशाना

वहीं, सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक युवक के कथित वीडियो को लेकर भी केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी। वीडियो में युवक कथित तौर पर एक व्यक्ति का सिर फोड़ने का दावा करता नजर आ रहा है और कह रहा है कि इसके बावजूद वह जेल नहीं गया तथा उसे लोगों का समर्थन हासिल है।

इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने केंद्र पर निशाना साधा और कहा, “एक तरफ आप सत्येंद्र जैन जैसे भले व्यक्ति को जेल भेजते हो, दूसरी तरफ ऐसे गुंडों को पाल कर रखते हो।”

सत्येंद्र जैन को जमानत मिलने के बाद AAP ने इसे केंद्र सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाने का मौका बताया है। वहीं, मामले में अदालत के आदेश और आरोपों की कानूनी स्थिति के आधार पर आगे की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।