जंतर-मंतर हिंसा में पैलेट गन का इस्तेमाल? अगले हफ्ते SC की समिति करेगी सुनवाई, शिकायत दर्ज कराने का मौका

29-30 अक्टूबर को पीड़ितों के बयान सुनेगी सुप्रीम कोर्ट की जांच समितिImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुलाई में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर हुई हिंसा की जांच कर रही सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित उच्च-स्तरीय जांच समिति (HPEC) 29 और 30 अक्टूबर को दो दिवसीय बैठक करेगी. अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस दौरान प्रभावित लोगों की बात सुनी जाएगी और पैलेट गन के कथित इस्तेमाल और महिला प्रदर्शनकारियों के उत्पीड़न से जुड़े सबूत दर्ज किए जाएंगे. अधिकारियों ने यह भी बताया कि समिति की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शिक्षा सदन, 17 राउज एवेन्यू इंस्टीट्यूशनल एरिया स्थित उसके कार्यालय में शुरू होगी.

हिंसा से प्रभावित लोग और आम लोग 29 और 30 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच वहां जाकर अपनी शिकायतें या आवेदन दे सकते हैं और सबूत पेश कर सकते हैं. इसके लिए उनके पास पहचान का वैध दस्तावेज होना जरूरी है. अधिकारियों ने बताया कि समिति विशेष रूप से पैलेट गन के कथित इस्तेमाल, चुनिंदा लोगों को निशाना बनाकर की गई हिंसा और महिला प्रदर्शनकारियों के उत्पीड़न की जांच करेगी. इसके अलावा दोनों पक्षों की ओर से जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं की भी जांच की जाएगी.

SC ने किया था पांच सदस्यीय समिति का गठन

सुप्रीम कोर्ट ने इन मामलों में कई याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान पूर्व न्यायाधीश जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया था. इन याचिकाओं में आंदोलन के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की ज्यादती के आरोप लगाए गए थे. वहीं, पुलिसकर्मियों के खिलाफ हिंसा के आरोप भी लगाए गए थे.

इस जांच समिति में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रवि शंकर झा, दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश शालिंदर कौर, सीबीआई के पूर्व निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला और मेघालय के पूर्व पुलिस महानिदेशक एल. आर. बिश्नोई भी शामिल हैं.

HPEC ने लॉन्च किया था ऑनलाइन पोर्टल

सुप्रीम कोर्ट की इस हाई पावर्ड इन्क्वायरी कमेटी ने हाल ही में प्रभावित लोगों और गवाहों से शिकायतें, बयान और सबूत लेने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया था और साथ ही गवाहों की सुरक्षा और गोपनीयता का भी भरोसा दिया था.

ये भी पढ़ें: मुझे किसकी शांति बनाए रखने के लिए कहा जा रहा…नेहा बोरा ने पीस बॉन्ड पर साइन करने से किया इनकार

पीयूष पांडे

पीयूष पांडे

प्रमुखत: सुप्रीम कोर्ट, वित्त मंत्रालय और भारतीय निर्वाचन आयोग की खबरों की जिम्मेदारी. पत्रकारिता में 22 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. हिंदुस्तान, अमर उजाला, दैनिक भास्कर और आज में सेवाएं दीं. खबरिया चैनल और अखबार के अलावा दैनिक भास्कर के डिजिटल प्लेटफॉर्म में जिम्मेदारी निभाई, जबकि ऑल इंडिया रेडियो के आमंत्रण पर कई विशिष्ट जनों के साक्षात्कार किए.

Read More

google button