Aug 28, 2026 02:52 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Upcoming Movies: सितंबर में एक या दो नहीं, 14 फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। दिलचस्प बात ये है कि बड़ी-बड़ी फिल्मों का आपस में क्लैश होने वाला है।

अपकमिंग सितंबर रिलीज
सितंबर 2026 में सिनेमाघरों में फिल्मों की भरमार देखने को मिलने वाली है। इस महीने अक्षय कुमार, सिद्धार्थ मल्होत्रा, नानी, मनोज बाजपेयी और करीना कपूर खान जैसे सितारे बड़े पर्दे पर अलग-अलग अंदाज में नजर आएंगे। क्राइम थ्रिलर, एक्शन, कॉमेडी, फैंटेसी और पौराणिक फिल्मों के साथ हॉलीवुड की चर्चित रिलीज भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। आइए जानते हैं सितंबर 2026 में किस तारीख को कौन-सी फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
4 सितंबर 2026 - तीन फिल्मों का क्लैश
1.मिर्जापुर - द मूवी (Mirzapur - The Movie)
यह 'मिर्जापुर' की वेब सीरीज की दुनिया को बड़े पर्दे पर लाने वाली फीचर फिल्म है। इसमें पंकज त्रिपाठी और अली फजल हैं। वहीं मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु और कई अन्य कलाकारों की वापसी हो रही है। 31 अगस्त से इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।
2. जीवन बीमा योजना (Jeevan Bheema Yojana)
अभिषेक डोगरा के निर्देशन में बनी यह एक हिंदी क्राइम-कॉमेडी फिल्म है जो गलतफहमियों और जुड़वा किरदारों पर आधारित है। इसमें अरशद वारसी डबल रोल में हैं, साथ ही संजीदा शेख और विजय राज नजर आएंगे।
3. हाउ टू रॉब ए बैंक (How to Rob a Bank)
डेविड लीच के डायरेक्शन में तैयार हुई यह एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है। इसमें निकोलस हॉल्ट हैं। यह बैंक डकैतों के एक ऐसे गिरोह की कहानी है जो अपनी डकैती को सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीम करते हैं।
11 सितंबर 2026 - अक्षय कुमार की फिल्म होगी रिलीज
1. लास्ट मैन इन टावर (Last Man In Tower)
अरविंद अडिगा के मशहूर उपन्यास पर आधारित इस ड्रामा फिल्म में मनोज बाजपेयी 'मास्टरजी' के किरदार में हैं, जो एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और एक क्रूर रियल एस्टेट डेवलपर के खिलाफ अकेले खड़े होते हैं। इसमें बोमन ईरानी और दिव्या दत्ता भी हैं।
2. हैवान (Haiwaan)
इस फिल्म को प्रियदर्शन डायरेक्ट कर रहे हैं। यह एक सस्पेंस क्राइम-थ्रिलर फिल्म है। इसमें अक्षय कुमार एक खतरनाक विलेन के रूप में हैं, जिनके साथ सैफ अली खान, बोमन ईरानी और सैयामी खेर नजर आएंगे।
18 सितंबर 2026 - 5 फिल्में देंगी दस्तक
1. दायरा (Daayra)
मेघना गुलजार द्वारा निर्देशित यह एक इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर है, जिसमें करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका में हैं।
2. वाइब (Vibe)
‘वाइब’ एक एक्शन-कॉमेडी फिल्म है। इसकी कहानी कुणाल खेमू ने लिखी है और इसका डायरेक्शन भी कुणाल खेमू ही कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ-साथ प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव भी लीड रोल में हैं।
3. लव लॉटरी (Love Lottery)
मर्डर मिस्ट्री पर आधारित यह एक लीगल ड्रामा फिल्म है, जिसमें अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला मुख्य किरदारों में हैं।
4. रेजिडेंट इविल (Resident Evil)
जैक क्रेगर, जिन्होंने ‘बारबेरियन’ का डायरेक्शन किया था, उनकी ‘रेजिडेंट इविल’ को डायरेक्ट कर रहे हैं। इसमें ऑस्टिन एब्राम्स मुख्य भूमिका में हैं।
5. भारत देश है मेरा (Bharat Desh Hai Mera)
आदर्श जैन द्वारा निर्देशित यह हिंदी ड्रामा/थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अनूप जलोटा, आदित्य मोहन और के.के. गोस्वामी नजर आएंगे।
24 सितंबर 2026 - द पैराडाइज देगी दस्तक
द पैराडाइज (The Paradise)
यह पैन-इंडिया एक्शन फिल्म है और 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि पर बनी इसमें नानी मुख्य भूमिका में हैं, और संगीत अनिरुद्ध रविचंदर का है।
25 सितंबर 2026 - 3 फिल्मों बॉक्स ऑफिस पर टकराएंगी
1. द वान (The Vvaan - Force of the Forest)
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फैंटेसी एक्शन फिल्म 25 सितंबर के दिन रिलीज होगी। इस फिल्म में एक प्रतिबंधित जंगल में प्रवेश करने पर प्राचीन शक्तियां जाग उठती हैं।
2. हार्ट ऑफ द बीस्ट (Heart of the Beast)
डेविड आयरे द्वारा निर्देशित और डेमियन शैजेल द्वारा निर्मित यह एक सर्वाइवल थ्रिलर है। इसमें ब्रैड पिट एक पूर्व नेवी सील अधिकारी की भूमिका में हैं जो अपने मिलिट्री डॉग के साथ अलास्का के जंगलों में जीवित रहने की कोशिश करते हैं।
3. महाकाव्य श्री रामायण कथा - श्री राम की (Mahakavya Shri Ramayan Katha - Shri Ram Ki)
देव शर्मा और अंजलि अरोड़ा स्टारर यह एक पौराणिक भक्ति फिल्म है, जिसमें भगवान हनुमान के दृष्टिकोण से रामायण की कथा प्रस्तुत की गई है।