.
नगर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग इलाकों में चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। जिनमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना उधारी सिगरेट व सूखे नशे से जुड़ा विवाद बताया गया है। जो बीते शुक्रवार रात गांधी चौक के समीप घटी हुई। जहां उधारी में सिगरेट देने से इनकार करने पर दुकानदार अजय नायक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना का आरोप स्थानीय निवासी सुभम उर्फ शिवम ठाकुर पर लगा है। घायल की मां के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में दुकान पर पहुंचा था और उधारी सिगरेट मांग रहा था। इनकार करने पर उसने अजय के पेट में चाकू घोंप दिया और दुकान में तोड़फोड़ की। जिससे करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान बताया है। घायल को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने डीएमसीएच रेफर कर दिया। इस घटना का एसएसपी योगेंद्र कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी शिवम ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले के दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वही, पहली घटना का खौफ कम भी नहीं हुआ था कि शनिवार शाम चार बजे बिजली कार्यालय के पीछे दूसरी वारदात हो गई। सूखे नशे को लेकर हुए विवाद में 18 वर्षीय मो. इमरान के पेट में चाकू घोंप दिया गया। आरोप मो. फारूक के पुत्र मो. हसन उर्फ छोटू पर लगा है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल इमरान को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों ने बताया कि आरोपी छोटू नशे का आदी है और एक सप्ताह पूर्व भी उसने इमरान के भाई पर चाकू से हमला किया था। हालांकि जानकारी के अनुसार शनिवार की देर शाम तक इस दूसरी घटना की लिखित शिकायत नगर थाना पुलिस को नहीं दी गई थी। नगर थाना क्षेत्र में एक ही दिन में दो चाकूबाजी की घटनाओं से आम जनता में आक्रोश व भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि शहर में बढ़ते अपराध की मुख्य वजह सूखे नशे का कारोबार है। निवासियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करने वाले दुकानदारों पर सख्त से सख्त कार्रवाई का मांग किया है। Share with facebookShare with facebook
स्थानीय लोगों के अनुसार, शहर के मुख्य चौराहों से लेकर छोटी-छोटी चाय-पान की दुकानों व गुमटियों पर सूखा नशा जैसे गांझा, स्मैक, नशीली गोलियां बिक रहा है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर इस पर कोई ठोस कार्रवाई या छापेमारी नहीं की जा रही है। नशे की इस आसान उपलब्धता के कारण अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है, जिसके कारण आए दिन राहजनी, छिनतई व चाकूबाजी जैसी हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय निवासियों व लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त न के बराबर है और पुलिस प्रशासन इन संवेदनशील मामलों को लेकर उदासीन रवैया अपनाए हुए है। स्थानीय लोगों व व्यापारियों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है। आए दिन हो रही चाकूबाजी की वारदातों के कारण आम नागरिकों व दुकानदारों में असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन की ढीली कार्यशैली और रात के समय गश्त पेट्रोलिंग की कमी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।