
शुभमन गिल ने जड़ा एक और शतक. (फोटो- PTI)
Shubman Gill Back To Back Hundred: गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ 406 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मैदान पर चौकों-छक्कों की सुनामी ला दी. वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए गिल ने सिर्फ 62 गेंदों में अपना तूफानी शतक पूरा कर लिया. उन्होंने कैरेबियाई गेंदबाजी के परखच्चे उड़ाते हुए भारत के लिए वनडे इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक जड़ दिया. तिरुवनंतपुरम में पहले वनडे में 110 रन बनाने के बाद गिल का इस सीरीज में यह लगातार दूसरा और भारतीय जमीन पर बैक-टू-बैक तीसरा वनडे शतक है.
शुभमन गिल का तूफानी शतक
इस रन चेज में भारत को एक तूफानी शुरुआत की जरूरत थी और कप्तान शुभमन गिल ने कुल ऐसा ही कर दिखाया. उन्होंने अपने वनडे करियर का सबसे तेज शतक लगाते हुए सिर्फ 62 गेंदों पर 100 रन का आंकड़ा छू लिया. शुभमन गिल का यह शतक वनडे क्रिकेट में किसी भी भारतीय बल्लेबाज की ओर से लगाए गए सबसे तेज शतकों की लिस्ट में शामिल हो गया है.
भारत के लिए वनडे में सबसे तेज शतक
- 52 गेंदें — विराट कोहली बनाम ऑस्ट्रेलिया (जयपुर, 2013)
- 60 गेंदें — वीरेंद्र सहवाग बनाम न्यूजीलैंड (हैमिल्टन, 2009)
- 61 गेंदें — विराट कोहली बनाम ऑस्ट्रेलिया (नागपुर, 2013)
- 62 गेंदें — मोहम्मद अजहरुद्दीन बनाम न्यूजीलैंड (बड़ौदा, 1988)
- 62 गेंदें — शुभमन गिल बनाम वेस्टइंडीज (गुवाहाटी, 2026)*
पिछली 7 पारियों में 3 शतक और 3 अर्धशतक
बतौर कप्तान शुभमन गिल का बल्ला वनडे क्रिकेट में आग उगल रहा है. पिछली 7 पारियों में उन्होंने 6 बार पचास से ज्यादा का स्कोर बनाकर सभी को हैरान कर दिया है. वहीं, भारतीय सरजमीं पर लगातार मैचों में शतक ठोकने के मामले में शुभमन गिल दुनिया के चुनिंदा दिग्गजों की कतार में खड़े हो गए हैं. उनका भारत में ये लगातार तीसरा वनडे शतक है.
भारत में लगातार सबसे ज्यादा वनडे शतक
- 4 लगातार शतक: एबी डिविलियर्स (2010-11)
- 4 लगातार शतक: विराट कोहली (2017-18)
- 3 लगातार शतक: शुभमन गिल (2026)*
विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड टूटा
शुभमन गिल ने इस पारी के साथ ही भारत के लिए सबसे कम पारियों में 11 वनडे शतक पूरे करने के विराट कोहली के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है. कोहली ने 11 वनडे शतक पूरे करने के लिए 82 पारियां ली थीं, वहीं, गिल ने यह करिश्मा सिर्फ 68 पारियों में कर दिखाया है. वहीं, वर्ल्ड में वो हाशिम अमला और क्विंटन डी कॉक के बाद तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज हैं.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More