Shubman Gill Birthday: ऋतिक से पराठे वाला कनेक्शन, लाल रुमाल और 351 रन... जानिए गिल की ये खास बातें

शुभमन गिल का 27वां जन्मदिनImage Credit source: PTI

भारतीय क्रिकेट में आने वाले कुछ सालों में 24 अप्रैल, 30 अप्रैल, 7 जुलाई, 8 जुलाई और 5 नवंबर की ही तरह 8 सितंबर का दिन भी फैंस के बीच हिट हो जाएगा. वजह हैं शुभमन गिल. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और टेस्ट-वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल के कारण 8 सितंबर का दिन सालों तक फैंस के जहन में रहेगा क्योंकि ये नए दौर की टीम इंडिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज का जन्मदिन है. स्कूल क्रिकेट से लेकर अंडर-19, फर्स्ट क्लास, IPL और इंटरनेशनल क्रिकेट तक शुभमन गिल ने अपनी छाप छोड़ी है. आज यानि 8 सितंबर 2026 को गिल 27वां जन्मदिन मना रहे हैं.

‘बर्थडे बॉय’ गिल की मजेदार बातें

शुभमन गिल ने कब टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया, अंडर-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने कितने रन बनाए और IPL में वो किस टीम से खेलते हैं? ये ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब ज्यादातर फैंस को पता होंगे. मगर गिल से जुड़े कुछ ऐसे मजेदार तथ्य भी हैं, जो आज भी उनके हर फैन को नहीं पता. ऐसी ही कुछ खास बातों के बारे में आपको बताते हैं-

  1. शुभमन गिल आज सबसे फिट एथलीट में से हैं और उनकी डाइट इसके हिसाब से ही होती है. मगर एक टाइम पर वो खूब पराठे भी खाते थे और इसकी वजह थे बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन. असल में गिल ने एक इंटरव्यू में बताया था कि पंजाबी होने के बावजूद उन्हें बचपन में पराठे पसंद नहीं थे. मगर वो ऋतिक रोशन के फैन थे और जब उन्होंने ऋतिक को ‘कहो ना..प्यार है’ फिल्म में पराठे खाते देखा, उन्होंने भी पराठे खाने शुरू कर दिए.
  2. कई सारे क्रिकेटरों की तरह शुभमन गिल का भी अपने खेल को लेकर एक अंधविश्वास है. वो अपनी जेब में लाल रुमाल या शरीर पर कोई लाल कपड़ा लेकर खेलने उतरते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि एक बार अंडर-16 लेवल पर उनके रन नहीं आ रहे थे. तब वो सफेर रुमाल लेकर उतरे और शतक जमा दिया लेकिन उनका ये रुमाल गंदा हो गया. फिर अगले मैच में वो लाल रुमाल लेकर उतरे और दोबारा शतक जमा दिया. तब से ही लाल रुमाल उनका हिस्सा बन गया.
  3. शुभमन गिल के नाम यूथ ODI यानि अंडर-19 लेवल पर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बैटिंग एवरेज का रिकॉर्ड है. गिल ने यूथ वनडे के 16 मुकाबलों की 15 पारियों में 1149 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 6 अर्धशतक हैं. उनका औसत 104.45 का है. वो दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिसका औसत 100 से ऊपर है.
  4. शुभमन गिल जब स्कूल में थे, तब अंडर-16 लेवल पर उन्होंने एक ऐसी पारी खेली थी, जिसने पहली बार उन्हें मीडिया की नजरों में जगह दी थी. पंजाब में जिला स्तरीय टूर्नामेंट के एक मैच में इस बल्लेबाज ने अकेले दम पर 351 रन बना दिए थे. इसके तुरंत बाद उन्हें पंजाब के लिए अंडर-16 लेवल पर विजय मर्चेंट ट्रॉफी में खेलने का मौका मिला और डेब्यू मैच में ही गिल ने दोहरा शतक जमा दिया था.
  5. क्रिकेट के अलावा शुभमन गिल को अब एक ऐसा शौक भी लगा है, जो उनके करियर का भी हिस्सा है. ये है- शूटिंग. गिल ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उन्हें कैमरा का सामना करना पसंद है और वो इंटरनेट पर भी ये चेक करते हैं कि कौन किस चीज के लिए शूट कर रहा है, ताकि वो खुद को भी अपडेट रख सकें.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button