जमुई के खैरा थाना क्षेत्र में बाइक पार्क करने को लेकर शुरू हुआ विवाद थाने तक पहुंच गया। गोपालपुर स्थित एसबीआई शाखा के बाहर हुए विवाद के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी शिवशंकर राम ने पुलिसकर्मियों पर थाने में मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।

.

कारोबारी ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर जमुई एसपी, मुंगेर डीआईजी और पटना डीजीपी को लिखित शिकायत भेजी है।

15 सितंबर की सुबह बैंक पहुंचे थे कारोबारी

शिकायत के अनुसार, 15 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे शिवशंकर राम गोपालपुर स्थित एसबीआई शाखा पहुंचे थे। उन्हें बैंक में 15 हजार रुपये नकद और 20 हजार रुपये का चेक जमा करना था। कारोबारी ने बैंक के बाहर अपनी बाइक खड़ी की थी।

पुलिसकर्मियों से बाइक को लेकर पूछताछ

कारोबारी का कहना है कि बैंक के बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनसे बाइक पार्क करने को लेकर पूछताछ की। उन्होंने बताया कि बाइक पार्किंग जोन में खड़ी की गई है। इसके बाद वह बैंक के अंदर चले गए।

कॉलर पकड़ने और गाली देने का आरोप

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बैंक से बाहर आने के बाद एसआई सावन कुमार ने उन्हें बाइक पर बैठने और चालान काटने की बात कही।

कारोबारी ने दोबारा बैंक जाने की बात कही तो आरोप है कि एसआई ने उनका कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज की।

112 वाहन से खैरा थाना ले जाने का आरोप

शिवशंकर राम के मुताबिक, विवाद के बाद उन्हें 112 पुलिस वाहन से खैरा थाना ले जाया गया। कारोबारी का आरोप है कि इसके बाद थाने में भी उनसे पूछताछ की गई।

कारोबारी के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उनके पास मौजूद केनरा बैंक के चेक को देखकर सवाल किया। पुलिस ने पूछा कि एसबीआई में जमा करने के लिए केनरा बैंक का चेक क्यों लाया गया था। शिवशंकर राम ने बताया कि यह चेक उनकी दुकान से सामान खरीदने वाले ग्राहक ने दिया था।

चेक जारी करने वाले व्यक्ति को भी बुलाया

शिकायत के मुताबिक, पुलिस ने चेक जारी करने वाले व्यक्ति को भी थाने बुलाया। कारोबारी का आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें करीब दो घंटे तक थाने में बैठाकर रखा गया।

शिवशंकर राम ने शिकायत में आरोप लगाया है कि थाने में मुंशी ने उनके शरीर के कई हिस्सों पर मुक्के मारे। कारोबारी ने सीने समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने की बात कही है।

सदर अस्पताल में कराया गया मेडिकल

कारोबारी के मुताबिक, घटना के बाद जमुई सदर अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच कराई गई। अब उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शिवशंकर राम ने एसबीआई गोपालपुर शाखा के बाहर और खैरा थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने की मांग की है।

उनका कहना है कि बैंक के बाहर हुए विवाद से लेकर थाना ले जाने और वहां हुई कथित मारपीट तक की स्थिति फुटेज से स्पष्ट हो सकती है।

पुलिस ने आरोपों को बताया गलत

वहीं, एसआई सावन कुमार ने कारोबारी के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वह नियमित ड्यूटी के तहत बैंक विजिट पर थे।

युवक ने सामने बाइक खड़ी की थी। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पहचान के लिए आधार कार्ड मांगा गया, लेकिन युवक ने आधार दिखाने से इनकार कर दिया।

वेरिफिकेशन के बाद पीआर बांड पर छोड़ा

एसआई के मुताबिक, संदेह होने पर छानबीन के लिए कारोबारी को थाने लाया गया था। वेरिफिकेशन के बाद उसे पीआर बांड पर छोड़ दिया गया।

कारोबारी द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों पर पुलिस का पक्ष इससे अलग है। अब शिकायत के आधार पर CCTV फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों की जांच मामले में अहम होगी।