SIR के खिलाफ चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया को लेकर INDIA गठबंधन के आंदोलन में अब आपसी मतभेद सामने आने लगे हैं. राहुल गांधी और कांग्रेस पिछले तीन दिनों से दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं. आज रात कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मुलाकात करेगा, लेकिन उद्धव ठाकरे की शिवसेना यानी UBT इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं होगी.

सूत्रों के मुताबिक, UBT शिवसेना का कहना है कि उन्हें आखिरी वक्त पर न्योता दिया गया. वहीं, उद्धव ठाकरे आज मुंबई में सांसदों और विभाग प्रमुखों के साथ बैठक कर रहे हैं, जिसके कारण पार्टी के सांसद दिल्ली नहीं पहुंच पाएंगे. संजय राउत भी दो दिन के पुणे दौरे पर हैं.

यूबीटी ने खरगे ने लिखा पत्र, राहुल के आंदोलन को दिया समर्थन

दूसरी ओर,शिवसेना (UBT) ने INDIA गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल की राष्ट्रपति से होने वाली मुलाकात में शामिल नहीं हो पाने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखा है. पार्टी ने पत्र के जरिए गठबंधन के आंदोलन के प्रति अपना पूर्ण समर्थन और एकजुटता व्यक्त की है.

पत्र में शिवसेना UBT ने कहा कि वह मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन और राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी है. पार्टी ने कहा कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोपों को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग से जुड़ी हर पहल का वह समर्थन करती है.

शिवसेना UBT ने बताया कि महाराष्ट्र में आगामी विधान परिषद (MLC) चुनावों से जुड़े पहले से निर्धारित कार्यक्रमों के कारण उसका प्रतिनिधिमंडल रात 8 बजे राष्ट्रपति भवन में होने वाली मुलाकात में शामिल नहीं हो पाएगा. पार्टी ने अपनी अनुपस्थिति के लिए खेद जताते हुए खरगे से अनुरोध किया कि वे राष्ट्रपति को उसके समर्थन और एकजुटता से अवगत कराएं.पत्र में पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई में वह INDIA गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी है.

बीजेपी ने यूबीटी शिवसेना पर साधा निशाना

UBT शिवसेना के इस फैसले को लेकर बीजेपी ने INDIA गठबंधन पर निशाना साधा है. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता आशीष शेलार ने कहा कि INDIA गठबंधन और महाविकास आघाड़ी में सब कुछ ठीक नहीं है. उनके मुताबिक, असंतुष्ट और असफल नेता सिर्फ बीजेपी और मोदी सरकार का विरोध करने के लिए एकजुट हुए हैं, लेकिन वे इसमें भी सफल नहीं होंगे.

क्या इंडिया गठबंधन में पड़ गई है दरार?

आशीष शेलार ने विपक्षी दलों के बीच मतभेदों का जिक्र करते हुए कहा कि ममता बनर्जी के बोलने पर कांग्रेस पीछे से हंसी-मजाक करती हैं. समाजवादी पार्टी कांग्रेस को उसकी औकात दिखाने की बात करती है और अब UBT शिवसेना भी कांग्रेस के साथ नहीं आई है. शेलार ने विपक्षी गठबंधन को असफल नेताओं का समूह बताते हुए कहा कि यह गठबंधन कभी सफल नहीं होगा.

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या SIR के खिलाफ विपक्ष की लड़ाई में INDIA गठबंधन के भीतर ही दरार पड़ने लगी है, या फिर UBT शिवसेना का यह फैसला सिर्फ कार्यक्रम और समय की व्यस्तता की वजह से है?

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र: ठाणे में शिवसेना UBT नेता की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button