एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मंगलवार को भी मरीजों की भारी भीड़ रही। पर्चा बनवाने, डॉक्टर को दिखाने, दवा लेने और जांच कराने के लिए मरीजों को लंबी कतारों में लगना पड़ा। मंगलवार को ओपीडी में कुल 3822 मरीज पहुंचे। लगातार बढ़ रही भीड़ के बीच गर्मी और उम

.

पर्चे से लेकर जांच तक लगी लाइन

ओपीडी में मरीजों को इलाज के लिए कई चरणों में लाइन में लगना पड़ रहा है। पर्चा बनवाने के बाद डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने के लिए भी इंतजार करना पड़ता है। जांच के लिए अलग से कतार होने के कारण मरीजों का काफी समय अस्पताल में ही गुजर रहा है।

पर्चे के लिए लाइन में लगी महिलाएं

पर्चे के लिए लाइन में लगी महिलाएं

भीड़ अधिक होने पर जल्दी नंबर लगाने के चक्कर में धक्कामुक्की की स्थिति भी बन रही है। बुजुर्ग और महिला मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। सीटें कम होने के कारण उन्हें खड़े होकर इंतजार करना पड़ रहा है।

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के अनुसार, सप्ताह के शुरुआती दिनों में ओपीडी में मरीजों की संख्या आमतौर पर अधिक रहती है। व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त गार्ड लगाए गए हैं। बुजुर्ग और महिला मरीजों के लिए सीटें बढ़ाई जाएंगी।

परामर्श के इंतजार में खड़े मरीज और तीमारदार

परामर्श के इंतजार में खड़े मरीज और तीमारदार

वायरल फीवर के मरीज बढ़े

एसएन के मेडिसिन विभाग के डॉ. अजित चाहर ने बताया कि वायरल फीवर के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मरीजों में तेज बुखार, सिर और मांसपेशियों में दर्द, गले में संक्रमण और सीने में जकड़न जैसे लक्षण मिल रहे हैं। कुछ मरीजों में प्लेटलेट्स कम होने और बीपी में उतार-चढ़ाव की समस्या भी सामने आ रही है।

बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार के मुताबिक, बच्चों में वायरल फीवर के मरीज अधिक आ रहे हैं। इनमें गले में दर्द और खराश, पेट दर्द और उल्टी की शिकायत मिल रही है। भूख कम लगने से बच्चों में कमजोरी भी देखी जा रही है।

बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार

बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार

मरीजों को ये सावधानी बरतने की सलाह

ठंडा पानी और कोल्ड ड्रिंक पीने से बचें।

गले में खराश होने पर गुनगुने पानी में सेंधा नमक डालकर गरारे करें।

भाप लें।

बच्चों को डॉक्टर की सलाह के बिना कफ सिरप या दूसरी दवाएं न दें।

पर्याप्त आराम करें और दाल, हरी सब्जियां, फल और सूखे मेवे लें।

मंगलवार को 3822 मरीज पहुंचे

मंगलवार को एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में कुल 3822 मरीज पहुंचे। इनमें मेडिसिन विभाग में 815, हड्डी रोग में 356, त्वचा रोग में 354 और वक्ष एवं सांस रोग विभाग में 256 मरीजों ने परामर्श लिया।

मंगलवार को ओपीडी में भीड़ रहने से मरीजों को पर्चा, परामर्श और दवा के लिए इंतजार करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।