पानीपत में घटना की दो सीसीटीवी सामने आईं। पहली में एक महिला कट्टा ले जाती दिख रही है। दूसरी वीडियो में कुछ लोग बच्चे को कट्टे से निकालकर ले जा रहे हैं।
हरियाणा के पानीपत में सोमवार को एक नवजात शिशु को प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर सड़क किनारे छोड़ दिया गया। घर के बाहर सफाई कर रही एक महिला की नजर कट्टे पर पड़ी। शक होने पर उसने कट्टा खोलकर देखा तो उसके अंदर नवजात मिला।
.
महिला ने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और नवजात को कट्टे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चे का जन्म करीब दो से तीन घंटे पहले ही हुआ था। उसके पेट से गर्भनाल भी नहीं काटी गई थी।
घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक महिला कट्टा उठाकर ले जाती दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि इसी कट्टे में बच्चा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्लास्टिक के कट्टे में हलचल देख खुला मामला
शिव नगर की गली नंबर-5 निवासी यॉर्न कारोबारी अक्षय जिंदल ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6 बजे उनकी मां सुधा जिंदल घर के बाहर रोजाना की तरह साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर पड़ोस के मकान के सामने गली में पड़े एक प्लास्टिक के कट्टे पर पड़ी। मां ने देखा कि बंद कट्टे के अंदर हलचल हो रही है। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने तुरंत बेटे अक्षय को आवाज देकर बाहर बुलाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
नाल से लिपटा मिला नवजात
मौके पर मौजूद लोगों ने सावधानी से प्लास्टिक के कट्टे की गांठ खोली तो अंदर एक नवजात शिशु मिला। उसकी हालत देखकर सभी हैरान रह गए। बच्चे की स्थिति से लग रहा था कि उसका जन्म करीब दो से तीन घंटे पहले ही हुआ था। उसके पेट से गर्भनाल (नाल) भी अलग नहीं की गई थी।

नवजात को निजी अस्पताल से सिविल अस्वपताल ले जाते हुए।
निजी अस्पताल से सिविल अस्पताल किया रेफर
नवजात को देखते ही लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी और उसे तुरंत सनौली रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मामले की जानकारी मिलने पर नारी तू नारायणी उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्या भी अस्पताल पहुंचीं और बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
कुछ ही देर बाद बाल संरक्षण के लिए गठित बाल कल्याण समिति (CWC) की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। निजी अस्पताल में प्राथमिक जांच और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद CWC और पुलिस की मौजूदगी में नवजात को एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) भेजा गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
नवजात को कट्टे में छोड़कर जाने वाले की पहचान के लिए पुलिस शिव नगर की गली नंबर-5 और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा आसपास की दाइयों, क्लीनिकों और प्राइवेट डिलीवरी सेंटरों से हाल ही में हुई डिलीवरी का रिकॉर्ड भी जुटाया जा रहा है।