लखनऊ क्राइम ब्रांच SOG और मड़ियांव पुलिस ने चारबाग रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर एक बड़े अंतरराज्यीय चोर-जेबकतरा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 5 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से ₹1,24,700 नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।

Five members of an interstate gang of thieves were arrested from Charbagh (file photo)

चारबाग से अंतरराज्यीय चोर गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार (फाइल फोटो)

  • Published: 09 Sep 2026, 06:43 PM IST
  • Last Updated: 09 Sep 2026, 06:43 PM IST

लखनऊ : राजधानी लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक वाहनों में यात्रियों की जेब साफ करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एडीसीपी क्राइम किरन यादव के नेतृत्व में SOG और थाना मड़ियांव पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹1,24,700 की नकदी और अपराध में इस्तेमाल स्कूटी UP32 JV 8656 बरामद की है।  

​प्लेटफॉर्म टिकट लेकर स्टेशन में प्रवेश, चलती ट्रेनों में वारदात

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिन के समय वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी बाकायदा प्लेटफॉर्म टिकट लेकर रेलवे स्टेशन पर दाखिल होते थे और लंबी दूरी की ट्रेनों के जनरल डिब्बों में आम सहयात्री बनकर बैठ जाते थे। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर मौका मिलते ही वे यात्रियों की जेब काट लेते थे। इसके अलावा शहर में ऑटो और ई-रिक्शा में सवार यात्रियों का ध्यान भटकाकर भी चोरी करते थे। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपनी स्कूटी से तुरंत फरार हो जाते थे।  

​हवाई सफर और लग्जरी लाइफस्टाइल, कई राज्यों में फैला नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह अलग-अलग राज्यों के अपराधियों का एक संगठित सिंडिकेट है। इनका आपराधिक नेटवर्क दिल्ली, महाराष्ट्र मुंबई, नासिक, अहमदनगर और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों तक फैला हुआ है। जेबकटी और चोरी से गिरोह हर महीने लाखों रुपये कमाता था, जो कभी-कभी ₹20 लाख तक पहुंच जाता था। आरोपी इस काली कमाई से महंगे मकानों में रहते थे और लग्जरी लाइफ जीने के साथ हवाई सफर करते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे लगातार शहर बदलते रहते थे।  

​बरामद रकम सैरपुर, दुबग्गा और जानकीपुरम थानों में दर्ज मुकदमों से जुड़ी है। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश कर रही है।