
बीते एक महीने में दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई है
South Korea Market Crash: शेयर बाजार की दुनिया जितनी चमकदार दिखती है, हकीकत में उतनी ही बेदर्द भी हो सकती है. महज एक महीने के भीतर दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार ने निवेशकों को यह कड़वी सच्चाई दिखा दी है. जो निवेशक कुछ हफ्ते पहले तक बंपर मुनाफे का जश्न मना रहे थे, वे आज अपने बर्बाद हो चुके पोर्टफोलियो को देखकर सिर्फ आंसू बहा रहे हैं.
बीते 30 दिनों के अंदर दक्षिण कोरिया का प्रमुख शेयर सूचकांक ‘कोस्पी’ (Kospi) 34 फीसदी तक गोता लगा चुका है. इस भारी गिरावट ने न केवल वहां के बाजार की कमर तोड़ दी है, बल्कि आम लोगों की जिंदगी भर की जमा-पूंजी को भी पल भर में मिट्टी में मिला दिया है.
दो कंपनियों के दम पर आया था रिकॉर्ड उछाल
पिछले एक साल की बात करें तो दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार ने पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा रिटर्न देकर लोगों को हैरान कर दिया था. इस भयंकर गिरावट के बाद भी कोस्पी का एक साल का रिटर्न 71 फीसदी बना हुआ है. बाजार में आई इस ऐतिहासिक तेजी के पीछे मुख्य रूप से दो बड़ी चिप बनाने वाली कंपनियों, एसके हायनिक्स (SK Hynix) और सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स (Samsung Electronics) का हाथ था.
विदेशी निवेशकों ने इन कंपनियों में इतना पैसा झोंका कि इनके शेयर रॉकेट बन गए. एक साल में एसके हायनिक्स का शेयर 400 फीसदी और सैमसंग का शेयर 185 फीसदी चढ़ गया. कोस्पी इंडेक्स में सिर्फ इन दोनों कंपनियों का ही करीब 60 फीसदी दबदबा है. जिसकी वजह से पूरा इंडेक्स चढ़ गया था.
अब इन्हीं शेयरों ने निवेशकों को किया बर्बाद
बाजार में एक सीधी सी कहावत है कि जो जितनी तेजी से ऊपर जाता है, वो उतनी ही तेजी से नीचे भी आता है. जिन दो कंपनियों ने शेयर बाजार को आसमान पर पहुंचाया था, अब वही इसे पाताल में ले जा रही हैं. पिछले महज एक महीने में एसके हायनिक्स के शेयरों में 50 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है. वहीं, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर भी 38 फीसदी टूट गए हैं. बड़ी कंपनियों के शेयरों में हुए इस क्रैश ने उन छोटे निवेशकों की कमर तोड़ दी है, जिन्होंने बाजार की तेज रफ्तार देखकर अपनी पूरी गाढ़ी कमाई शेयरों में लगा दी थी.
करोड़ों का फायदा, फिर करोड़ों का नुकसान
थ्रेड्स (Threads) पर एक यूजर ने बताया कि कैसे उसकी किस्मत ने अचानक पलटी मारी. पहले उसे 600 मिलियन कोरियन वॉन (करीब 4 करोड़ रुपये) से ज्यादा का फायदा हुआ था, लेकिन कुछ ही दिनों में पासा ऐसा पलटा कि वो 700 मिलियन वॉन (करीब 4.6 करोड़ रुपये) के भारी घाटे में चला गया. वहीं, एक दूसरे निवेशक ने बताया कि उसने अपनी शादी के लिए बचाए सारे पैसे शेयर मार्केट में लगा दिए थे, और अब उसकी आंखों के सामने उसकी 40% सेविंग पूरी तरह डूब चुकी है.
मेरे सपनों के घर का पैसा डूब गया
X (पहले ट्विटर) पर ‘fintechgirl’ नाम की एक यूजर की कहानी पढ़कर किसी को भी रोना आ जाए. उसने बताया कि 15 साल की कड़ी मेहनत से उसके परिवार ने करीब 600 मिलियन वॉन जोड़े थे. इसमें से कुछ पैसे देकर उन्होंने अपने लिए एक छोटा सा अपार्टमेंट बुक किया था.
अगली किस्त देने के लिए उनके पास 500 मिलियन वॉन बचे थे. दूसरों को सैमसंग (Samsung) के शेयरों से मोटा पैसा बनाते देख, उसने भी लालच में आकर वो पैसा मार्केट में लगा दिया. शुरू में उन्हें इतना फायदा हुआ कि उन्होंने अपनी दोनों बेटियों के लिए नए आईफोन 17 (iPhone 17) और पति के लिए एक महंगा लग्जरी बैग खरीदा.लेकिन जल्द ही मार्केट पलट गया और उनका आधे से ज्यादा पैसा (करीब 2 करोड़ रुपये) डूब गया.
अब उनके पास घर की अगली किस्त भरने के पैसे नहीं हैं और कहीं से लोन भी नहीं मिल पा रहा. उस महिला ने लिखा, “मैंने अपने घर की किस्त के लिए बचाए खून-पसीने के 300 मिलियन वॉन उड़ा दिए. मेरा मरने का मन कर रहा है.”
Translation:
I blew away 300 million KRW ($300,000) of hard-earned money meant for my apartment installment payment. I feel like dying. At first, seeing everyone else make money off Samsung Electronics made me feel like I was the only fool left out, and every single day was pic.twitter.com/yoQJAbWHt1
— fintechgirl 🇰🇷 (@fintergirl) July 29, 2026
मेरी दो-तिहाई संपत्ति धुएं में उड़ गई
‘Jack & Jong’ नाम के एक और निवेशक ने अपनी आपबीती सुनाते हुए इसे अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा आर्थिक झटका बताया. उसने लिखा, “मेरी कुल संपत्ति का दो-तिहाई हिस्सा, जिसमें मेरा मुनाफा, मेरी सालों की बचत और यहां तक कि लोन लिए हुए पैसे भी शामिल थे, सब धुएं में उड़ गया.”
एक छोटी सी गलती और रातों की नींद गायब
‘OxLeaf’ नाम के एक यूजर ने बताया कि उसने सिर्फ एक महीने में करीब 60 मिलियन वॉन (लगभग 4 लाख रुपये) गंवा दिए. सालों के ट्रेडिंग अनुभव के बावजूद, उसने ‘स्टॉप-लॉस’ (घाटा कम करने की लिमिट) नहीं लगाया, जो उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई. उसने अपने बचे हुए फिक्स्ड एसेट्स को बेचकर दोस्तों का उधार तो चुका दिया है, लेकिन इस झटके ने उसे अंदर से हिला दिया है. उसने लिखा, “मैं एक महीने से एक भी रात ठीक से नहीं सोया हूं. हालांकि, अब सब खत्म हो गया है और मैं आजाद हूं. बस मुझे नहीं पता कि इस सदमे से बाहर आने में मुझे कितना वक्त लगेगा.”
ये सब अचानक हुआ कैसे?
दरअसल, इस साल जनवरी से जून के बीच साउथ कोरिया का शेयर बाजार (KOSPI) 116% तक चढ़ गया था. बाजार में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और सेमीकंडक्टर कंपनियों का इतना हल्ला था कि लोगों ने आंख बंद करके पैसा लगाना शुरू कर दिया. 19 जून को तो इंडेक्स ने 9,000 का आंकड़ा भी पार कर लिया था. लेकिन जून के अंत तक आते-आते निवेशकों को समझ आ गया कि AI के नाम पर ये अंधाधुंध तेजी ज्यादा दिन नहीं टिकेगी. इसके बाद टेक्नोलॉजी शेयरों में ऐसी भयंकर बिकवाली आई कि मार्केट औंधे मुंह गिर गया. दक्षिण कोरिया की यह घटना हर निवेशक के लिए एक बड़ा सबक है कि बाजार में अपनी सारी जमा-पूंजी कभी भी एक साथ दांव पर नहीं लगानी चाहिए.
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.
विभव शुक्ला
विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.
Read More