Shamli Ankit Baliyan Murder: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सदर कोतवाली क्षेत्र में जिम से निकलने के बाद अंकित अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो में बैठ रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं. घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है.

गाड़ी में बैठते समय हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान रोज की तरह शाम को जिम गए थे. करीब 6:45 बजे जिम से बाहर निकलने के बाद वह अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो में बैठ रहे थे. इसी दौरान चार हमलावर वहां पहुंचे. बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से ही घात लगाए बैठे थे. उन्होंने गाड़ी का गेट खुलते ही अंकित पर फायरिंग शुरू कर दी. हमले में अंकित को करीब पांच गोलियां पेट और उसके आसपास लगीं. वहीं, तीन गोलियां उनकी गाड़ी में भी लगी हैं. ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि आरोपी पैदल ही वहां से भागे.

ये भी पढे़ं- मौत से पहले खास भाई पोस्ट कौन थे हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान? जिम के बाहर 4 बदमाशों ने गोलियों से भूना

सड़क पर शव रखकर बैठे लोग

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. कुछ ही देर में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई. अंकित की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और समर्थक भी मौके पर पहुंच गए. परिजनों और लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है. अंकित की मां बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं. वह बार-बार यही कहती रहीं, मेरा बेटा सो गया. बेटे की मौत का सदमा मां के चेहरे पर साफ नजर आया. परिजन और स्थानीय लोग शव को सड़क पर रखकर बैठे रहे और पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई.

पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाना चाहती पुलिस

पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश कर रही है. हालांकि, घटना से नाराज लोगों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध जताया. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने घटना के बाद पूरे जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया है. जिले में कई जगह नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है. पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हैं.

ये भी पढे़ं-शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, जिम से निकलते ही बरसीं गोलियां

कौन थे अंकित बालियान?

अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम थे. वह हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी काम कर चुके थे. उनका गाना भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान काफी चर्चित हुआ था. इसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में उनकी लोकप्रियता बढ़ी. अंकित मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा के रहने वाले थे.

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

अंकित की हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हुई है. पुलिस पुरानी रंजिश और अन्य विवादों समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों ने अंकित की रेकी कब से शुरू की थी और उन्हें उनके जिम से निकलने के समय की जानकारी कैसे मिली? घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चारों हमलावर कहां से आए और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए.

विकास कपिल

विकास कपिल

विकास कपिल पंडित पिछले 12 वर्षों से हिंदी भाषी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. विकास कपिल की राजनीतिक, अपराध और सामाजिक खबरों पर अच्छी पकड़ है. विभिन्न संस्थानों में रहते हुए कई बार उनके काम का असर भी देखने को मिला. न्यूज नेशन, न्यूज स्टेट, भास्कर टीवी, महुआ टीवी, NNIS न्यूज एजेंसी, भारत एक्सप्रेस जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में कार्य कर चुके विकास कपिल लंबे समय तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े रहे हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News Nation, News State UP/UK चैनल में लंबे समय तक काम करने के बाद विकास कपिल ने भारत एक्सप्रेस चैनल में भी काम किया और कुछ समय वहां काम करने के बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की तरफ रुख किया. वर्तमान में वो टीवी9 नेटवर्क का हिस्सा हैं. विकास कपिल पंडित ने CCS यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है. घूमना, रिपोर्टिंग और खुद कुकिंग करना उनका शौंक है.

Read More

google button