Sports Bikes: ट्रायम्फ डेटोना 660 के अपडेटेड मॉडल में एडजस्टेबल फ्रंट सस्पेंशन, नए टायर और स्टैंडर्ड क्विकशिफ्टर जैसे अपडेट मिलते हैं। इस बाइक की कीमत 9.99 लाख रुपए है।
ट्रायम्फ डेटोना 660 अपडेट
- Published: 22 Sep 2026, 09:17 PM IST
- Last Updated: 22 Sep 2026, 09:17 PM IST
Sports Bikes: ट्रायम्फ ने भारतीय बाजार में अपनी स्पोर्ट्स बाइक डेटोना 660 का 2026 मॉडल लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे 9.99 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर पेश किया है। नया मॉडल पुराने वर्जन की जगह लेगा और इसकी कीमत पहले के मुकाबले 11,000 रुपये अधिक है। कीमत में मामूली बढ़ोतरी के साथ बाइक के सस्पेंशन, टायर और स्टैंडर्ड फीचर्स में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
एडजस्टेबल फ्रंट सस्पेंशन
2026 ट्रायम्फ डेटोना 660 में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट सस्पेंशन में किया गया है। बाइक में अब 41 मिमी शोवा यूएसडी फ्रंट फोर्क दिया गया है, जिसमें कम्प्रेशन और रिबाउंड डैम्पिंग को एडजस्ट करने की सुविधा मिलती है। पुराने मॉडल में यह फोर्क नॉन-एडजस्टेबल था।
हालांकि, फ्रंट सस्पेंशन का ट्रैवल पहले की तरह 110 मिमी ही रखा गया है। पीछे की तरफ प्रीलोड एडजस्टमेंट के साथ 130 मिमी ट्रैवल वाला मोनोशॉक पहले की तरह मिलता है।
नए टायर और क्विकशिफ्टर
डेटोना 660 के नए मॉडल में पुराने मिशेलिन पावर 6 टायरों की जगह मेटज़ेलर M9RR टायर दिए गए हैं। इसके अलावा बाइक में बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर को अब स्टैंडर्ड फीचर बनाया गया है। पहले यह एक्सेसरी के तौर पर उपलब्ध था।
डिजाइन और ब्रेकिंग सेटअप
बाइक में पहले की तरह स्टील पेरिमीटर फ्रेम दिया गया है। ब्रेकिंग के लिए रेडियल कैलिपर्स के साथ ट्विन फ्रंट डिस्क ब्रेक मिलते हैं। इसकी राइडिंग पोजिशन को स्पोर्टी राइडिंग के साथ रोजाना इस्तेमाल के लिए भी संतुलित रखा गया है।
इंजन में कोई बदलाव नहीं
2026 डेटोना 660 के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले की तरह 660 सीसी, इनलाइन तीन-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 95 बीएचपी की पावर और 68 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
तीन नए रंगों में उपलब्ध
नई ट्रायम्फ डेटोना 660 को तीन नए रंग विकल्पों में पेश किया गया है। इनमें सैफायर ब्लैक हाइलाइट्स के साथ एल्युमीनियम सिल्वर, सैफायर ब्लैक हाइलाइट्स के साथ कॉस्मिक येलो और सैफायर ब्लैक शामिल हैं।
कीमत
2026 ट्रायम्फ डेटोना 660 की कीमत 9.99 लाख रुपये एक्स-शोरूम रखी गई है। इसकी तुलना में पुराने मॉडल की कीमत 9.88 लाख रुपये थी। यानी नए मॉडल की कीमत में 11,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसके बदले बाइक में एडजस्टेबल फ्रंट सस्पेंशन, नए टायर और बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर जैसे अपडेट दिए गए हैं।
(मंजू कुमारी)