Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार मध्य पूर्व के तनाव से उबरने लगा है. पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी सत्र में बाजार ग्रीन जोन में बंद हुआ तो इस सप्ताह की शुरुआत भी बाजार के लिए शानदार रही. सोमवार (3 अगस्त) को शेयर बाजार हरे निशान के साथ खुला. इस दौरान बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त उछाल देखने को मिला.
सप्ताह के पहले दिन ग्रीन जोन में शेयर बाजार
सोमवार के शुरुआती कारोबार में बाजार मजबूती के साथ आगे बढ़ता दिखा. शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा के उछाल के साथ 78,600 पर पहुंच गया. जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी50 160 अंकों की बढ़त के साथ 24,500 के स्तर पर पहुंच गया. बता दें कि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी सत्र में निफ्टी 24,467 के हाई पर कारोबार करता दिखा था. जबकि बैंक निफ्टी अभी भी 57,500 के स्तर से ऊपर जाने की कोशिश कर रहा है.
कैसी रही आज बाजार की शुरुआत?
बता दें कि अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले रुकने के बाद ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई, जिससे भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स- सेंसेक्स और निफ्टी में आज मजबूती देखने को मिल रही है. सोमवार को 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 788.7 अंक या 1.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,883.34 पर खुला, जबकि निफ्टी 189.1 अंक बढ़कर 24,572.70 पर ओपन हुआ.
पिछले ट्रेडिंग सेशन में सेंसेक्स 78,094.64 पर और निफ्टी 50 24,383.60 पर बंद हुआ था. इसी तरह, शुरुआती कारोबार में ब्रॉडर इंडेक्स भी बढ़त के साथ ट्रेड करते दिखे. जहां BSE मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स 123.12 अंक ऊपर था, वहीं बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स 33.45 अंक या 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,837.07 पर ट्रेड करता दिखा. सोमवार के शुरुआती कारोबार में मार्केट का रुख सकारात्मक रहा. NSE पर 2,288 शेयरों में बढ़त और 458 शेयरों में गिरावट देखी गई. जबकि 99 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.
गिफ्ट निफ्टी ने क्या दिया संकेत?
निफ्टी50 के शुरुआती इंडिकेटर, गिफ्ट निफ्टी ने आज सकारात्मक शुरुआत का संकेत दिया था. यह पिछले बंद भाव 24,448 के मुकाबले 51 अंक की बढ़त के साथ 24,499 पर खुला. विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने खरीदारी जारी रखी और 31 जुलाई, 2026 को 277.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. इसी तरह, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने भी खरीदारी की और 2,260.37 करोड़ रुपये के शेयर खरीद डाले.
शेयर बाजार में कैसे लौटी तेजी?
बता दें कि भारतीय शेयर बाजार में अचानक लौटी ये तेजी मिडिल ईस्ट में कम हो रहे तनाव का नतीजा है. अमेरिका ने पिछले कई दिनों से ईरान पर हमला नहीं किया. इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत शुरू होने की भी बात कही है. इसके साथ ही वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट हो रही है. जिससे भारतीय शेयर बाजार को सपोर्ट मिल रहा है.
ये भी पढ़ें: इथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर सरकार का दावा, अगर कदम न उठाए तो बढ़ जाते इतने दाम
इसके साथ ही कई घरेलू और ग्लोबल फैक्टर भारतीय इक्विटी की चाल पर असर डाल रहे हैं, जिससे निवेशकों के लिए यह समय काफी अहम हो गया है. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ( RBI) की पॉलिसी का नतीजा, कंपनियों की कमाई, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और अहम आर्थिक आंकड़े बाजार की उम्मीदों को तय करते दिख रहे हैं. जबकि कच्चे तेल की कीमतें और जियोपॉलिटिकल तनाव भी बाहरी तौर पर बाजार के लिए काफी अहम बने हुए हैं. कुछ चुनिंदा कंपनियों की मजबूत कमाई और विदेशी निवेशकों की नई खरीदारी ने हाल की उठा-पटक के बाद बाजार के मूड को बेहतर बनाने में मदद की है.
ये भी पढ़ें: अगले हफ्ते IPO बाजार में रहेगी रौनक, Ardee Industries और Technocraft Ventures खुलेंगे, Manipal Health की होगी लिस्टिंग