Time Published: Sunday, September 6, 2026, 9:05 [IST]

Govinda: गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले काफी समय से तरह-तरह की खबरें सामने आती रही हैं। दोनों के बीच अनबन की चर्चा यहां तक पहुंच गई थी कि तलाक की अटकलें भी तेज हो गई थीं। हालांकि बाद में सुनीता आहूजा ने कथित तौर पर तलाक की याचिका वापस ले ली, जिसके बाद मामला कुछ शांत नजर आया।

'बहुत सी बातें आसमान में लिख दी गई हैं'
अब इसी बीच गोविंदा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक्टर फैंस से अपने सपोर्ट की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। खास बात ये है कि वीडियो में वह कहते नजर आए कि 'बहुत सी बातें आसमान में लिख दी गई हैं', उनके इस बयान को सुनीता के पुराने आरोपों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Govinda

दही-हांडी कार्यक्रम में पहुंचे थे गोविंदा

-दरअसल इस बार जन्माष्टमी के मौके पर एक्टर गोविंदा ठाणे में आयोजित एक दही-हांडी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस समारोह में बॉलीवुड के कई सितारे नजर आए, जिनमें संजय दत्त का नाम भी शामिल था। गोविंदा ने कार्यक्रम में शिरकत करने के साथ स्टेज पर परफॉर्म भी किया और अपनी मौजूदगी से फैंस का खूब मनोरंजन किया।

-इसी दौरान एक्टर ने मीडिया से बातचीत भी की। अब इस बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गोविंदा लोगों को एकजुट रहने और एक-दूसरे का ध्यान रखने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।

गोविंदा ने कही ये बड़ी बात

वायरल वीडियो में गोविंदा कहते हैं कि इस तरह के आयोजन को सिर्फ एक खेल समझना सही नहीं है। उन्होंने लोगों से एक-दूसरे का ख्याल रखने और साथ मिलकर आगे बढ़ने की अपील की। एक्टर के मुताबिक ऐसे मौकों की अहमियत खेल से कहीं ज्यादा होती है और सभी को मिलकर यो देखना चाहिए कि आगे कैसे बढ़ा जा सकता है।

गोविंदा का फैंस से सपोर्ट मांगना हुआ वायरल

-बातचीत के दौरान गोविंदा ने कुछ ऐसी बातें भी कहीं, जिन्हें सोशल मीडिया यूजर्स उनके निजी विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि एक्टर ने किसी का नाम नहीं लिया और न ही सीधे तौर पर अपने और सुनीता के रिश्ते का जिक्र किया।

-गोविंदा ने कहा- बहुत सी बातें आसमान में लिख दी गई हैं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वो क्लीनअप हो और गोविंदा उसे क्लीनअप कर पाए। इसके बाद उन्होंने फैंस से अपना समर्थन बनाए रखने की अपील की।

-गोविंदा ने कहा कि उन्हें सालों से दर्शकों का प्यार और सहयोग मिलता रहा है और वह इसके लिए सभी का शुक्रिया अदा करते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि वह एक बार फिर फिल्मों के जरिए दर्शकों के बीच लौटने की तैयारी कर रहे हैं। गोविंदा ने अपनी आने वाली फिल्मों 'रूपा' और 'दुनियादारी' का जिक्र करते हुए फैंस से इन फिल्मों के लिए भी समर्थन मांगा है।

सुनीता लगा चुकी हैं गोविंदा पर अफेयर के आरोप

जानकारी के अनुसार सुनीता आहूजा कई मौकों पर गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात कर चुकी हैं। साल 2025 में उन्होंने एक्टर का नाम एक मराठी एक्ट्रेस के साथ जोड़ा था और उनके कथित अफेयर की ओर इशारा किया था।

इसके बाद जून 2026 में 'लॉकअप 2' जैसे रिएलिटी शो में नजर आईं गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने अपने पति की जिंदगी से जुड़े कई दावे किए हैं। उन्होंने कहा था कि शादी के इतने सालों के दौरान गोविंदा के कई अफेयर रहे हैं। सुनीता ने ये भी दावा किया था कि उनके साथ बेवफाई कोई नई बात नहीं है। अपने कुछ इंटरव्यूज में भी सुनीता आहूजा ने गोविंदा के कथित रिश्तों को लेकर बयान दिए हैं। उन्होंने यहां तक कहा था कि गोविंदा चाहे कहीं भी जाएं, आखिरकार उनके पास ही लौटकर आएंगे।

गोविंदा के मैनेजर ने अफेयर की खबरों को बताया था गलत

-हालांकि सुनीता आहूजा के इन दावों के बीच गोविंदा के मैनेजर ने एक्टर की दूसरी शादी और अफेयर से जुड़ी खबरों को गलत बताया था। वहीं गोविंदा भी एक वायरल वीडियो में सुनीता को अपनी मर्यादा में रहने की सलाह देते हुए नजर आए थे।

-ये विवाद उस समय और चर्चा में आ गया था, जब गोविंदा को एक्ट्रेस कोमल के साथ एयरपोर्ट पर दोबारा स्पॉट किया गया था। इसके बाद सुनीता ने कथित तौर पर गोविंदा के लिए 'शुगर डैडी' जैसे शब्द का इस्तेमाल किया था।

-फिलहाल गोविंदा के हालिया बयान ने एक बार फिर उनके और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं को हवा दे दी है। हालांकि एक्टर ने अपने बयान में किसी विवाद या व्यक्ति का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया है। ऐसे में उनके शब्दों का असल इशारा किस ओर था, ये साफ तौर पर कहना मुश्किल है।