केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि लखनऊ ने 200 में से 198 अंक करीब 99 प्रतिशत प्राप्त कर शीर्ष स्थान पाया है।

Energy and Urban Development Minister AK Sharma congratulated the entire team in a press conference

ऊर्जा व नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी टीम को बधाई दी (फाइल फोटो)

  • Published: 08 Sep 2026, 04:10 PM IST
  • Last Updated: 08 Sep 2026, 04:10 PM IST

लखनऊ : स्वच्छता सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन के बाद अब उत्तर प्रदेश के शहरों ने वायु गुणवत्ता सुधारने के मामले में भी पूरे देश में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। केंद्र सरकार के स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत जारी ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026’ में लखनऊ ने देश के तमाम महानगरों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

​200 में से 198 अंक पाकर अव्वल बना लखनऊ

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि लखनऊ को 200 में से 198 अंक मिले हैं। यानी लगभग 99 प्रतिशत अंक हासिल कर राजधानी ने देश में सर्वोच्च स्थान पाया है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में भी लखनऊ तीसरे स्थान पर रहा था और अब स्वच्छ हवा के मामले में शीर्ष पर पहुंचना शहर के लिए गर्व का विषय है।

​आगरा चौथे और गाजियाबाद 13वें स्थान पर

मंत्री ने बताया कि सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। ताजनगरी आगरा ने देशभर में चौथा स्थान हासिल किया है, जबकि गाजियाबाद को 13वीं रैंक मिली है। वार्ड स्तर की बात करें तो लखनऊ के वार्ड नंबर-70 ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन में देश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रयागराज के वार्ड नंबर-31 ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया।

​क्वालिटी ऑफ लाइफ में हुआ बड़ा सुधार

ए.के. शर्मा ने कहा कि स्वच्छ वायु और स्वच्छता से सीधे तौर पर नागरिकों के जीवन स्तर और स्वास्थ्य में सुधार होता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के छोटे-बड़े सभी नगर निकायों ने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किया है। इसके साथ ही उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि रूफटॉप सोलर लगाने के मामले में भी लखनऊ देश के अग्रणी शहरों में शामिल है।

​पीएम मोदी और सीएम योगी को दिया श्रेय

ऊर्जा मंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व व मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने विशेष रूप से नगर निगमों के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राउंड स्तर पर काम करने वाले सफाई कर्मियों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के शहरों को स्वच्छता, स्वच्छ वायु और उन्नत जीवन स्तर के मानकों पर और ऊंचाई तक ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।