तिरुवल्लूर जिले के गुमिडिपुंडी SIPCOT इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स स्थित मेटल स्मेल्टिंग फैक्ट्री में बॉयलर विस्फोट के बाद आग लग गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कई कर्मचारी घायल हो गए हैं।

Tamil Nadu Factory Blast

अचानक हुआ जोरदार धमाका

  • Published: 14 Jul 2026, 10:38 AM IST
  • Last Updated: 14 Jul 2026, 10:38 AM IST

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में मंगलवार को एक निजी मेटल स्मेल्टिंग फैक्ट्री में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने अफरा-तफरी मचा दी। हादसे में बिहार के एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में आग लग गई, जिसके चलते दमकल विभाग और बचाव दल को घंटों तक राहत अभियान चलाना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, इस हादसे में बिहार निवासी रवि रंजन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें बिहार और मध्य प्रदेश के श्रमिक भी शामिल हैं।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल हुए कर्मचारियों भूषण कुमार, ओम कुमार, रंजीत कुमार और सिंबर सिंह को गुमिडिपुंडी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं राजा बाबू, रणवीर कुमार और फ्रेंड्स कुमार को बेहतर इलाज के लिए चेंगलपट्टू के एक निजी अस्पताल भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल प्रिंस कुमार को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

धमाके के बाद फैक्ट्री में लगी आग
बॉयलर विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। गुमिडिपुंडी और चिप्पाडाई फायर स्टेशनों से पहुंची दमकल टीमों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
फिलहाल गुमिडिपुंडी के डीएसपी ससीथरन की निगरानी में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों को आशंका है कि विस्फोट के बाद फैले मलबे के नीचे कुछ और कर्मचारी फंसे हो सकते हैं।

प्रशासन प्रभावित कर्मचारियों की सही संख्या का पता लगाने और हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बॉयलर में तकनीकी खराबी या दबाव बढ़ने के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जांच के आदेश
पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे औद्योगिक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।