
वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे बुमराह और अय्यर जैसे खिलाड़ीImage Credit source: PTI
भारतीय क्रिकेट टीम का शेड्यूल अब धीरे-धीरे काफी व्यस्त होता जा रहा है. आयरलैंड और इंग्लैंड का दौरा निपटाने के बाद फिलहाल जिम्बाब्वे में टी20 सीरीज खेली जा रही है. इसके बाद श्रीलंका का दौरा होगा और वहां से फिर लगातार अलग-अलग फॉर्मेट और देशों में मुकाबले खेले जाएंगे. मगर इसी दौरान एक ऐसी सीरीज भी होने वाली है, जिसमें टीम इंडिया को अपने कुछ बड़े खिलाड़ियों के बिना ही उतरना पड़ेगा. जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन समेत कई बड़े खिलाड़ी भारत-वेस्टइंडीज ODI सीरीज से बाहर बैठ सकते हैं क्योंकि इन सभी को एशियन गेम्स 2026 की टीम में चुना गया है.
सितंबर के अंत में एशियन गेम्स 2026 का आयोजन होना है, जो जापान में होंगे. इन गेम्स में इस बार भी क्रिकेट इवेंट को रखा गया है, जिसमें भारतीय टीम भी हिस्सा ले रही है. पिछले गेम्स में भारत ने ही गोल्ड मेडल जीता था. हालांकि, तब भारत ने एक बिल्कुल युवा टीम भेजी थी लेकिन इस बार BCCI ने नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में बेहद मजबूत टीम चुनी है, जिसमें जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार भी शामिल हैं.
एशियन गेम्स का असर ODI सीरीज पर
इन गेम्स के लिए टीम का ऐलान तो पहले ही हो गया था लेकिन शुक्रवार 24 जुलाई को मुकाबलों के शेड्यूल की घोषणा हुई. एशियन गेम्स में क्रिकेट के मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेंगे, जिसमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है. ऐसे में भारतीय टीम इस एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के लिए अपनी दावेदारी पेश करेगी.
मगर इसका असर भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली वनडे सीरीज पर पड़ेगा, जो इसी दौरान खेली जाएगी. दोनों देशों के बीच 3 वनडे मैच की सीरीज खेली जानी है, जिसकी शुरुआत 27 सितंबर से होगी और 3 अक्टूबर तक चलेगी. यानि एशियन गेम्स और वनडे सीरीज के शेड्यूल में सीधा टकराव है, जिसके चलते टीम इंडिया को वनडे सीरीज में बड़े खिलाड़ियों के बिना ही उतरना पड़ेगा.
ये खिलाड़ी हो सकते हैं बाहर
अगर बात करें कि कौन-कौन से ऐसे खिलाड़ी हैं जो इस वनडे सीरीज से दूर रह सकते हैं तो इसमें कुछ बेहद अहम नाम शामिल हैं, जो हाल के वक्त में वनडे फॉर्मेट की टीम का हिस्सा रहे हैं. इसमें उप-कप्तान श्रेयस अय्यर और स्टार पेसर बुमराह के अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. ये सभी खिलाड़ी टी20 स्क्वॉड का हिस्सा हैं. अब नजरें इस पर हैं कि क्या BCCI इसको लेकर स्क्वॉड में कोई बदलाव करती है या एशियन गेम्स को प्राथमिकता देती है.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More