Time Updated: Sunday, October 18, 2026, 22:39 [IST]

Mumbai Juhu Tiger Shroff Gunshots: मुंबई के जुहू इलाके में एक्टर जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 18 अक्टूबर शाम बाइक सवार हमलावरों ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। घटना में टाइगर के ड्राइवर और एक ऑटो-रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है।

सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा करने वाली एक पोस्ट में हमले की जिम्मेदारी ली गई है। साथ ही सलमान खान के साथ काम करने वाले लोगों को भी धमकी दी गई है। पोस्ट में कहा कि जो लोग उनकी बात नहीं सुनेंगे या सलमान खान के साथ काम करेंगे, वे भी निशाने पर आ सकते हैं। पोस्ट के अंत में आगे की कार्रवाई को लेकर धमकी भरा संदेश भी लिखा गया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस हमलवारों की पहचान नहीं कर सकी। आइए जानते हैं कि क्या-क्या धमकी दी...

tiger-shroff-firing-bishnoi-gang-threats

Mumbai Juhu Tiger Shroff Firing: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कैसे हुई?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार (18 अक्टूबर) शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाया गया। बताया गया कि अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद कार से लौट रहे थे। इसी दौरान पुष्पा पार्क के आसपास उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी।

इसी बीच बाइक सवार तीन लोगों के वहां पहुंचने और कार पर गोलियां चलाने की बात सामने आई। शुरुआती रिपोर्टों में करीब पांच राउंड फायरिंग का जिक्र है। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में टाइगर के ड्राइवर और पास में मौजूद एक ऑटो-रिक्शा चालक के घायल होने की जानकारी दी गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

टाइगर श्रॉफ के सुरक्षित बचने की बात भी रिपोर्टों में कही गई है। हालांकि, हमलावरों की पहचान, फायरिंग के पीछे की वजह और घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियार को लेकर पुलिस की जांच अहम होगी।

बिश्नोई गैंग के नाम से पोस्ट में क्या धमकी दी गई?

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम का जिक्र करते हुए फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में कहा गया कि टाइगर को पहले फोन करके समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन बात नहीं मानी गई।

tiger-shroff-firing-bishnoi-gang-threats

पोस्ट में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि जो लोग उनकी बात नहीं सुनेंगे या सलमान खान के साथ काम करेंगे, वे भी निशाने पर आ सकते हैं। पोस्ट के अंत में आगे की कार्रवाई को लेकर धमकी भरा संदेश भी लिखा गया। इस पोस्ट को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़कर प्रसारित किया जा रहा है। अब पुलिस को यह जांचना होगा कि पोस्ट किसने प्रकाशित की, उसमें बताए गए लोगों की भूमिका क्या है और क्या इसका फायरिंग की घटना से सीधा संबंध है?

tiger-shroff-firing-bishnoi-gang-threats

जांच के लिए टीमें गठित

डीसीपी मोहित गर्ग के मुताबिक, इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं। एक अभिनेता टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस हैं, जिनके हाथ में चोट आई है। ताजा जानकारी के अनुसार, वे खतरे से बाहर हैं। दूसरे घायल व्यक्ति चौहान हैं, जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, मुंबई पुलिस ने कई टीमें तैनात की हैं और जांच में पुलिस की विभिन्न शाखाएं शामिल हैं। एक फॉरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच की है।

'कैमरे पर बात करने में भी लग रहा डर', टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से डरीं पूनम पांडे

अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर अभिनेत्री पूनम पांडे ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद चौंकाने वाली और खतरनाक है। पूनम के मुताबिक, पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड सितारों को धमकियां मिलने और उन पर हमले की खबरें कई बार सामने आई हैं।

पूनम पांडे ने कहा, 'मैं अभी भी इस बात को समझ नहीं पा रही हूं। हम एक दुर्गा पंडाल में थे, तभी अचानक मुझे इस खबर के बारे में पता चला। पिछले कुछ सालों में हमने ऐसी खबरें कई बार सुनी हैं। कभी कोई किसी अभिनेता के घर में घुस जाता है, जैसा सैफ अली खान के साथ हुआ था, तो कभी सलमान खान को धमकियां मिलती हैं। यह वाकई डरावना है।'

टाइगर श्रॉफ के बारे में बात करते हुए पूनम ने कहा कि उन्होंने अभिनेता को कभी किसी विवाद में नहीं देखा। उन्होंने कहा, 'टाइगर ऐसे इंसान हैं, जिनका किसी विवाद से कोई लेना-देना नहीं रहा है। मैंने उन्हें हमेशा वर्कआउट करते या डांस करते ही देखा है। मैं सोच भी नहीं सकती कि उन पर गोलियां कैसे चलाई जा सकती हैं।' पूनम ने यह भी कहा कि इस घटना पर कैमरे के सामने बात करने में उन्हें खुद डर लग रहा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, 'मुझे कैमरे पर इस बारे में बात करने से भी डर लग रहा है। क्या पता कोई मेरे पीछे भी पड़ जाए? अब हमें बहुत ज्यादा सावधान रहना होगा। यह बेहद चौंकाने वाली और खतरनाक बात है।'

'महाराष्ट्र को स्वतंत्र गृह मंत्री चाहिए', कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी पर कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि यह एक बार फिर मुंबई में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इससे पहले हमने सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी देखी है। दुखद रूप से, बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। और रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी गोलियां चलाई गईं... अगर राजनेताओं और अभिनेताओं जैसी जानी-मानी हस्तियां भी यहां सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी के लिए क्या उम्मीद बची है?

इससे फिर यही बात सामने आती है कि मुख्यमंत्री के पास बहुत सारे विभाग हैं और उन पर काम का अत्यधिक बोझ है। महाराष्ट्र को एक समर्पित और स्वतंत्र गृह मंत्री की जरूरत है। कोई ऐसा व्यक्ति जो वास्तव में सक्षम और प्रभावशाली हो... मैं फिर दोहराती हूं कि पुलिस को उनकी स्वतंत्रता दें, उन्हें अपना काम करने दें, और गृह विभाग की ओर से उन पर डाले जाने वाले राजनीतिक दबाव को खत्म करें।

Who Is Tiger Shroff: कौन हैं टाइगर श्रॉफ?

टाइगर श्रॉफ बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे हैं। उनका जन्म 1990 में हुआ था और उन्होंने 2014 में फिल्म हीरोपंती से हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था। टाइगर एक्शन फिल्मों, मार्शल आर्ट्स और स्टंट के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने कई फिल्मों में एक्शन-प्रधान भूमिकाएं निभाई हैं। जुहू में फायरिंग की घटना के बाद उनकी सुरक्षा और हमले की वजह को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पिछले कुछ सालों में फिल्मी हस्तियों पर फायरिंग और हमलों के मामले

कलाकार घटना की तारीख डिटेल
गुरु रंधावा जून 2026 दिल्ली के पश्चिम विहार में जिम के बाहर फायरिंग की खबर; कुछ रिपोर्टों में आरोपियों को बिश्नोई गैंग से जोड़ने का दावा
रोहित शेट्टी फरवरी 2026 मुंबई में उनके टावर के बाहर फायरिंग की घटना; जांच में गिरोह के कथित संबंधों की बात सामने आने का दावा
एल्विश यादव अगस्त 2025 गुरुग्राम स्थित घर पर फायरिंग; एक अन्य गिरोह की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा
एपी ढिल्लों सितंबर 2024 कनाडा में उनके घर के बाहर फायरिंग और आगजनी की घटना; सोशल मीडिया पर गिरोहों से जुड़े दावे
सलमान खान अप्रैल 2024 मुंबई में गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर फायरिंग; बिश्नोई गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा
गिप्पी ग्रेवाल नवंबर 2023 कनाडा में उनके घर के बाहर फायरिंग; सोशल मीडिया पोस्ट में जिम्मेदारी लेने का दावा
सिद्धू मूसेवाला मई 2022 पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या; मामले में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े आरोप

Lawrence Bishnoi Gang का नेटवर्क कितना बड़ा है?

आपके बता दें कि, लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह का नेटवर्क पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में सक्रिय है। खास बात यह है कि लॉरेंस गैंग के 700 से ज्यादा शूटर्स हैं। इसमें 300 से ज्यादा का पंजाब से सीधा नाता है।

tiger-shroff-firing-bishnoi-gang

अब पुलिस के सामने सबसे बड़े सवाल क्या हैं?

  • बाइक पर सवार तीनों हमलावर कौन थे और वे कहां से आए थे?
  • क्या फायरिंग से पहले अभिनेता या उनकी टीम को कोई धमकी मिली थी?
  • क्या घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में हमलावरों की तस्वीरें रिकॉर्ड हुईं?
  • क्या सोशल मीडिया पोस्ट वास्तव में हमले से जुड़े लोगों ने ही डाली थी?
  • क्या फायरिंग का सलमान खान या फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी किसी बात से संबंध है?
  • घायल ड्राइवर और ऑटो-रिक्शा चालक के बयान से क्या जानकारी सामने आती है?

इन सवालों के जवाब मिलने के बाद ही घटना की वजह और कथित गिरोह की भूमिका को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।