Time Published: Saturday, August 29, 2026, 17:02 [IST]

Toxic Box office Collection Day 3: कन्नड़ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक' सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म ने शानदार एडवांस बुकिंग के दम पर जबरदस्त शुरुआत की थी और पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर सभी को चौंका दिया था। हालांकि रिलीज के बाद फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों की तरफ से मिली-जुली से लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ा, जिसका असर इसकी रोजाना की कमाई पर भी दिखाई दे रहा है।

'टॉक्सिक' ने तीन दिनों में बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम
इसके बावजूद 'टॉक्सिक' ने महज तीन दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। फिल्म ने कन्नड़ सिनेमा के साथ-साथ हिंदी मार्केट में भी शानदार प्रदर्शन किया है।

Toxic Box office

तीसरे दिन 'टॉक्सिक' ने कितनी कमाई की?

-पीरियड एक्शन थ्रिलर 'टॉक्सिक' की कमाई में रिलीज के बाद लगातार गिरावट जरूर देखने को मिली है लेकिन फिल्म का कुल कारोबार अभी भी मजबूत बना हुआ है। सैकनिल्क के मुताबिक 'टॉक्सिक' ने पहले दिन भारत में 101.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था।

-दूसरे दिन फिल्म की कमाई घटकर 37.65 करोड़ रुपये रही। वहीं तीसरे दिन यानी रक्षाबंधन के मौके पर फिल्म ने 27.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह तीन दिनों में 'टॉक्सिक' का भारत में नेट कलेक्शन 165.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। विदेशी बाजार की बात करें तो फिल्म ने तीन दिनों में ओवरसीज से 23.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। वहीं फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 221.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

कन्नड़ सिनेमा की टॉप 5 फिल्मों में शामिल हुई 'टॉक्सिक'

कमाई में गिरावट के बावजूद 'टॉक्सिक' ने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। तीसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में गिरावट आई लेकिन शुरुआती तीन दिनों की मजबूत कमाई की बदौलत ये कन्नड़ सिनेमा की ऑल टाइम हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों की लिस्ट में 5वें स्थान पर पहुंच गई है।

फिल्म ने इस मामले में किच्चा सुदीप की 'विक्रांत रोणा' को पीछे छोड़ दिया है। यश की फिल्म का ये प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि रिलीज के बाद इसे दर्शकों की तरफ से उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला।

हिंदी में भी 'टॉक्सिक' ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

यश की फिल्म का प्रदर्शन सिर्फ कन्नड़ मार्केट तक सीमित नहीं है। हिंदी वर्जन में भी 'टॉक्सिक' को अच्छी कमाई मिल रही है। महज तीन दिनों के भीतर फिल्म हिंदी में आठवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'टॉक्सिक' ने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 'ओ रोमियो' को पीछे छोड़ दिया है। ऐसे में फिल्म के लिए हिंदी मार्केट से आने वाला कलेक्शन काफी अहम साबित हो रहा है।

नेगेटिव रिव्यू के बावजूद कुछ सेलेब्स ने की तारीफ

-'टॉक्सिक' को लेकर सोशल मीडिया पर दर्शकों की राय काफी बंटी हुई है। कई लोगों ने फिल्म की कहानी और ट्रीटमेंट को लेकर निराशा जाहिर की है। कुछ दर्शकों और क्रिटिक्स ने फिल्म को उम्मीदों पर खरा नहीं उतरने वाला बताया है।

-हालांकि फिल्म को इंडस्ट्री के कुछ सितारों का समर्थन भी मिला है। किच्चा सुदीप ने 'टॉक्सिक' की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह की फिल्म बनाना आसान नहीं होता। उन्होंने फिल्म में यश के काम की भी सराहना की है।

फिल्म की दमदार स्टारकास्ट और निर्देशन

'टॉक्सिक' मूवी में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म की रिलीज के बाद गीतू मोहनदास को कुछ इंटीमेट सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा था। वहीं फिल्म के एक्शन, विजुअल ट्रीटमेंट और यश के किरदार को लेकर भी सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही है।