Published: Sunday, September 6, 2026, 14:33 [IST]
TVK Leader Kannan Murder: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के एक पदाधिकारी की हत्या से सनसनी फैल गई। तिरुवन्मियूर के वन्नाथुरई इलाके में अज्ञात हमलावरों ने पार्टी नेता कन्नन, जिन्हें वन्नाथुरई कन्नन के नाम से भी जाना जाता है, को कथित तौर पर घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कन्नन की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कन्नन का पीछा किया और मौका मिलते ही उन पर हमला कर दिया। वारदात के दौरान कई बार धारदार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आई है। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आइए विस्तार से जानते हैं कि क्यों हुई हत्या?

शास्त्री नगर पुलिस ने शुरू की जांच
यह घटना अड्यार के शास्त्री नगर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों तक पहुंचने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, हत्या की पूरी वजह और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कन्नन का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, कन्नन का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह बी-कैटेगरी का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। राजनीति में सक्रिय होने के बाद कन्नन रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़ा था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे कारोबारी विवाद था, पुरानी रंजिश या कोई निजी दुश्मनी तो नहीं थी। एक पुराने हत्या के मामले से जुड़े बदले की आशंका की भी जांच की जा रही है।
पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच
पुलिस के सामने यह जानकारी भी आई है कि कन्नन पर साल 2009 में शिवा नाम के एक व्यक्ति की हत्या में शामिल होने का आरोप था। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौजूदा हत्या का संबंध उस पुराने मामले से है या नहीं। जांच एजेंसियां CCTV फुटेज, हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमले की कड़ियां जोड़ रही हैं।
हत्या पर गरमाई तमिलनाडु की सियासत
कन्नन की हत्या के बाद तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने इस घटना को लेकर विजय की सरकार पर निशाना साधा और राजधानी में दिनदहाड़े होने वाली आपराधिक घटनाओं को लेकर सवाल उठाए।
उदयनिधि स्टालिन ने आरोप लगाया कि जिस समय सरकार विधानसभा में पुलिस विभाग से जुड़ी मांगों और राज्य की कानून-व्यवस्था पर जवाब देने की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान चेन्नई में एक राजनीतिक पदाधिकारी की हत्या हो गई। उन्होंने सरकार से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय आम लोगों की सुरक्षा पर ध्यान देने की मांग की। घटना को लेकर विधानसभा में भी कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठने की संभावना है। सरकार की ओर से इस मामले में क्या जवाब दिया जाता है, इस पर सभी की नजरें हैं।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।