
UAE के राष्ट्रपति और पीएम मोदीImage Credit source: X/@MohamedBinZayed/DDNews
बीते 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन था. इस मौके पर दिल्ली से लेकर कोलकाता समेत कई राज्यों में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए. दिल्ली के कर्तव्य पथ, सेवा तीर्थ और नई संसद के आसपास तो 1.25 लाख दीये जलाए गए. इस खास मौके पर देश से लेकर विदेश तक की चर्चित हस्तियों ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति भी शामिल हैं. यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने शुक्रवार को पीएम मोदी को फोन किया था और उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई दी थी.
इसके साथ ही दोनों नेताओं ने भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के नए उपायों पर भी चर्चा की, जिसमें ऊर्जा, रक्षा, तकनीक, निवेश और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्र शामिल हैं. यूएई के राष्ट्रपति ने भारत की सफल BRICS अध्यक्षता के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी. वहीं, पीएम मोदी ने BRICS शिखर सम्मेलन में क्राउन प्रिंस महामहिम शेख खालिद की भागीदारी और भारत की अध्यक्षता में ठोस नतीजे हासिल करने में UAE के सहयोग और साझेदारी की सराहना की.
पश्चिम एशिया में हो रही घटनाओं पर साझा किए विचार
दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में हो रही घटनाओं पर भी अपने-अपने विचार साझा किए. उन्होंने क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों में लगातार सहयोग और समन्वय बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
पहले भी कई मुद्दों पर हुई थी दोनों नेताओं की बात
इससे पहले मार्च में भी यूएई के राष्ट्रपति और पीएम मोदी की फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों और क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने वाले गंभीर सैन्य तनाव पर चर्चा की थी. इस बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात की धरती पर ईरान द्वारा किए गए हमलों की अपने देश की अस्वीकृति को दोहराया था और संयुक्त अरब अमीरात की संप्रभुता की रक्षा, उसकी सुरक्षा और उसके लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे सभी उपायों में भारत की एकजुटता व्यक्त की थी. उस समय भी दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बनाए रखने और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए, आगे तनाव बढ़ने से बचने और मतभेदों और लंबित मुद्दों को सुलझाने में संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देने के महत्व पर जोर दिया था.
ये भी पढ़ें: पश्चिम एशिया में तनाव के बीच UN में भारत की दो टूक, कहा- कमर्शियल जहाजों पर हमले बर्दाश्त नहीं

सोनू शर्मा
TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.
Read More