केंद्र सरकार ने पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) के खिलाफ बड़ा कानूनी कदम उठाते हुए इसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है. गृह मंत्रालय की ओर से 16 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना के जरिए SBN को UAPA की First Schedule में शामिल किया गया है.

गृह मंत्रालय के मुताबिक, सरकार का मानना है कि शहजाद भट्टी नेटवर्क भारत में आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहा है. मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि नेटवर्क सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी के लिए युवाओं और स्थानीय अपराधियों को अपने साथ जोड़ता है और उन्हें हिंसक एवं राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करता है.

14 राज्यों में पहले ही हो चुकी है बड़ी कार्रवाई

SBN के खिलाफ UAPA के तहत यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब सुरक्षा एजेंसियां स्वतंत्रता दिवस से पहले ही नेटवर्क के खिलाफ बड़े पैमाने पर ऑपरेशन कर चुकी हैं.

12 अगस्त को 14 राज्यों में एक साथ की गई कार्रवाई में 253 लोगों को हिरासत में लिया गया था. इसके अलावा नेटवर्क से जुड़े मामलों में अब तक 80 से ज्यादा FIR और 200 से अधिक गिरफ्तारियां दर्ज की गई हैं. कार्रवाई में UAPA के साथ BNS, Arms Act, NDPS Act और Explosive Substances Act जैसी धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं.

इस ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को हिरासत में लिया गया था. राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8 और उत्तराखंड में 5 लोगों को हिरासत में लिया गया. कर्नाटक, गुजरात और बिहार में 3-3 तथा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 लोगों को हिरासत में लिया गया था.

IED, ग्रेनेड और हथियार बरामद

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और CCTV कैमरे बरामद किए गए. जांच एजेंसियों ने इन बरामदगियों को नेटवर्क के कथित सीमा-पार कनेक्शन की जांच में अहम माना है.

जांच के मुताबिक, नेटवर्क से जुड़े स्थानीय लोगों को पैसे देकर पुलिस प्रतिष्ठानों, रक्षा संस्थानों और धार्मिक स्थलों की रेकी कराने तथा संवेदनशील स्थानों के आसपास निगरानी के लिए CCTV कैमरे लगवाने का आरोप है.

आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप

गृह मंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया है कि SBN युवाओं को कथित तौर पर कट्टरपंथ की ओर धकेलने, उन्हें प्रलोभन देकर हिंसक गतिविधियों के लिए तैयार करने और प्रतिबंधित संगठनों एवं नामित संस्थाओं के साथ मिलकर संसाधन जुटाने में शामिल रहा है.

मंत्रालय के अनुसार, नेटवर्क डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भड़काऊ संदेश फैलाकर आतंकवाद को बढ़ावा देने और देश की आंतरिक सुरक्षा, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा सांप्रदायिक सौहार्द के लिए खतरा पैदा करने वाली गतिविधियों में भी शामिल रहा है.

ग्रह मंत्री अमित शाह ने अगस्त में दी थी कार्रवाई की जानकारी

17 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 14 राज्यों में हुई समन्वित कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा था कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया और 200 से ज्यादा ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया. सरकार के मुताबिक इस कार्रवाई का उद्देश्य संभावित विध्वंसक गतिविधियों को रोकना था.

अब UAPA की First Schedule में SBN को आतंकवादी संगठन के तौर पर शामिल किए जाने के बाद नेटवर्क के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को नया आधार मिला है. गृह मंत्रालय की अधिसूचना में SBN को सूची में क्रम संख्या 46 पर शामिल किया गया है.

यह भी पढ़ें - Explainer: क्या है किशाऊ मल्टीपर्पस डैम प्रोजेक्ट? विवाद पर गृहमंत्री अमित शाह ने 6 राज्यों के CM के साथ की बैठक